-दिल्ली BJP ने मांगे स्टार प्रचारकों के रूप में सभी मुख्यमंत्रियों के नाम
-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नहीं करेंगे दिल्ली नगर निगम चुनाव में प्रचार
हीरेन्द्र सिंह राठौड़/ नई दिल्ली।
दिल्ली नगर निगम चुनाव में प्रचार के लिए भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के स्टार प्रचारकों के लिए 62 नेताओं की सूची तैयार की है। इसमें पार्टी के सभी मुख्यमंत्रियों के नाम भी शामिल किये गये हैं। बताया जा रहा है कि सबसे ज्यादा मांग उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की है। खास बात यह है कि इस बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली नगर निगम चुनाव में प्रचार करते दिखाई नहीं देंगे।
हालांकि गुरूवार की सांय पार्टी की ओर से इसमें से 40 नेताओं के नामों की एक सूची जारी कर दी गई है। खास बात यह है कि बीजेपी में आम तौर पर संगठन महामंत्रियों के नाम स्टार प्रचारकों में शामिल करने की परंपरा नहीं रही है। लेकिन इस 40 नेताओं की सूची में प्रदेश बीजेपी के संगठन महामंत्री सिद्धार्थन का नाम भी शामिल किया गया है। इसमें 11 केंद्रीय मंत्रियों और यूपी के मुख्यमंत्री आदित्य नाथ सहित 4 मुख्यमंत्रियों के नाम शामिल हैं।
दिल्ली बीजेपी के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह अगले 19, 20 और 21 दिसंबर को तीन दिन के लिए दिल्ली नगर निगम चुनाव के प्रचार में रहेंगे। उनके अलावा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का भी ज्यादा से ज्यादा समय मांगा गया है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का फोकस गुजरात चुनाव पर है, अतः वह गुजरात में पार्टी के प्रचार में व्यस्त रहेंगे। माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री दिल्ली के चुनाव में अपना समय नहीं दे पायेंगे।
बीजेपी से जुड़े सूत्रों का कहना है कि सभी 62 लोगों को अनुमति देने के लिए पत्र भेज दिये गये हैं। जैसे ही इन लोगों की अनुमति और उपलब्धता की तारीखों के बारे में सहमति बनेगी, पार्टी के स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी जायेगी। बता दें कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ने अपने स्टार प्रचारकों की सूची पहले ही जारी कर दी है।