नगर निगमः सफाई कर्मियों की हड़ताल खत्म

महापौर आदेश गुप्ता ने जूस पिलाकर खत्म कराई हड़ताल

उत्तरी दिल्ली नगर निगम का मामला

टीम एटूजैड/नई दिल्ली

उत्तरी दिल्ली नगर निगम में चल रही म्युनिसिपल सफाई कामगार कांग्रेस के प्रतिनिधियों की भूख हड़ताल खत्म हो गई है। उत्तरी दिल्ली के महापौर आदेश गुप्ता ने गुरूवार को नियमितीकरण, बकाया भुगतान और अन्य मांगों को लेकर 8 जनवरी से भूख हड़ताल कर रहे म्युनिसिपल सफाई कामगार कांग्रेस के प्रतिनिधियों को जूस पिलाकर उनकी हड़ताल समाप्त कराई।  इस मौके पर मुख्य श्रम कल्याण अधिकारी कुलदिप सिंह यादव और निगम के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

उचित मांगों को पूरा करेंगेः आदेश गुप्ता

इस मौके पर महापौर आदेश गुप्ता ने कहा कि उत्तरी दिल्ली नगर निगम सफाई कर्मचारियों के प्रति संवेदनशील है। उनकी यथोचित मांगों को पूरा करने की हरसंभव कोशिश की जाएगी। महापौर ने सफाई कर्मचारियों से अपील की, कि वे पूरी निष्ठा के साथ अपना काम करें ताकि स्वच्छ भारत मिशन को सफल बनाया जा सके और शहर को स्वच्छ रखा जा सके।