-बीजेपी की सत्या शर्मा और आप के प्रवीण कुमार ने अध्यक्ष पद के लिए किया नामांकन
-उपाध्यक्ष पद पर बीजेपी के सुंदर सिंह और आप की मोहिनी जीनवाल मैदान में
एसएस ब्यूरो/ नई दिल्लीः 6 जून।
भारतीय जनता पार्टी (BJP) की वरिष्ठ निगम पार्षदों में से एक सत्या शर्मा (Satya Sharma) दिल्ली नगर निगम (MCD) की स्टेंडिंग कमेटी (Standing Committee) की चेयरमैन बनेंगी। शुक्रवार को बीजेपी की सत्या शर्मा ने कमेटी के अध्यक्ष पद और सुंदर सिंह ने उपाध्यक्ष पदों के लिए अपने-अपने नामांकन पत्र दाखिल किये। एमसीडी की सबसे पॉवरफुल कही जाने वाली स्टेंडिंग कमेटी के अध्यक्ष पद के लिए आम आदमी पार्टी (AAP) के प्रवीण कुमार ने अध्यक्ष पद और मोहिनी जीनवाल ने उपाध्यक्ष पदों के लिए अपने नामांकन पत्र दाखिल किये हैं।


गौरतलब है कि एटूजैड न्यूज ने इस आशय की खबर 3 जून को प्रमुखता के साथ प्रकाशित की थी कि दिल्ली बीजेपी के द्वारा सत्या शर्मा को स्टेंडिंग कमेटी का चेयरमैन बनाया जा सकता है। 18 सदस्यों वाली स्टेंडिंग कमेटी में बीजेपी के 11 सदस्य हैं, जबकि आप के केवल 7 सदस्य ही हैं। ऐसे में बीजेपी के पास स्पष्ट बहुमत का आंकड़ा है। जबकि आप यहां पूरी तरह से अल्पमत में है। स्टेंडिंग कमेटी के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए 12 जून को चुनाव होगा। ठीक चुनाव से पहले तक कोई भी उम्मीदवार अपना नामांकन पत्र वापस ले सकता है। खास बात है कि एकीकृत नगर निगम का वर्तमान कार्यकाल करीब ढाई वर्ष का ही रह गया है और अब तक एमसीडी की सत्ता में आप थी। परंतु आप नेताओं ने अभी तक स्टेंडिंग कमेटी के अध्यक्ष’-उपाध्यक्ष का चुनाव नहीं कराया था। यहां तक कि किसी अन्य कमेटी का चुनाव भी नहीं कराया गया था। जिसकी वजह से केवल मेयर और डिप्टी मेयर के सहारे ही निगम के क्रिया-कलाप चलाये जा रहे थे।
अपने पार्षदों के नामांकन के मौके पर महापौर राजा इक़बाल सिंह तथा नेता सदन प्रवेश वाही मौजूद थे। निगम मुख्यालय सिविक सेंटर में निगम सचिव के कार्यालय में आप उम्मीदवारों के नामांकन पत्र दाखिल करते समय आप विधायक प्रेम चौहान प्रमुख रूप से मौजूद रहे। प्रेम चौहान विधायक बनने से पूर्व एमसीडी में निगम पार्षद और नेता प्रतिपक्ष के पद पर भी रह चुके हैं। महापौर राजा इक़बाल सिंह ने कहा कि दिल्ली नगर निगम के लिए यह ख़ुशी की बात है कि स्थायी समिति के निर्माण होने जा रहा है और इससे निगम में विकास को बल मिलेगा। उन्होने कहा कि स्थायी समिति की अनुपस्थिति में दिल्ली नगर निगम में विकास की बड़ी योजनाएं नहीं बन पायी लेकिन अब सभी सदस्य मिलकर सकारात्मक काम करेंगे और दिल्ली के नागरिकों को उन्नत नागरिक सुविधाएं उपलब्ध करवाएंगे।
स्टेंडिंग कमेटी के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष का चुनाव इस कमेटी के लिए चुनकर आने वाले 15 सदस्य-पार्षदों में से ही कराया जाता है। इस कमेटी के लिए 6 सदस्यों का चुनाव सदन की बैठक में सीधे तौर पर किया जाता है, जबकि 12 सदस्यों का चुनाव सभी 12 जोन में से एक-एक सदस्य के चुनाव के जरिये किया जाता है। बीजेपी की वरिष्ठ निगम पार्षद सत्या शर्मा को 3 जून की एमसीडी के सदन की बैठक में ही सीधे तौर पर किया गया था। यह स्थान बीजेपी के एक निगम पार्षद के विधायक चुने जाने के बाद रिक्त हुआ था।
स्टेंडिंग कमेटी के 18 सदस्यों की सूचीः-
बीजेपी पार्षदः
- सत्या शर्मा, वार्ड- 226
- सुंदर सिंह, वार्ड- 158
- पंकज लूथरा, वार्ड- 216
- शिखा भारद्वाज, वार्ड- 58
- इंद्रजीत सेहरावत, वार्ड- 133
- नीमा भगत, वार्ड- 210
- सत्यपाल सिंह, वार्ड- 248
- राजा इकबाल सिंह, वार्ड- 13
- राजपाल सिंह, वार्ड- 174
- अंजू देवी, वार्ड- 29
- जगमोहन महलावत, वार्ड-156
आप पार्षदः - प्रवीन कुमार, वार्ड- 105
- मोहिनी जीनवाल, वार्ड- 218
- अंकुश नारंग, वार्ड- 87
- आमिल मलिक, वार्ड- 246
- रमिंदर कौर, वार्ड- 100
- दौलत, वार्ड- 44
- राफिया माहिर, वार्ड-78