राजधानी में मच्छर जनित बीमारियों से बचाव कार्य ठप… मेयर के आश्वासन पर भी नहीं माने DBC कर्मचारी

-सोमवार अनिश्चितकालीन हड़ताल पर गये डीबीसी कर्मचारी

एसएस ब्यूरो/ नई दिल्लीः 31 जुलाई।
राजधानी में मच्छर जनित बीमारियों, मलेरिया, चिकन गुनिया जैसी बीमारियों से बचाव कार्य ठप हो गया है। सोमवार से डोमेस्टिक ब्रीडिंग चेकर्स अनिश्चितकालीन हहड़ताल पर चले गये हैं। खास बात यह रही कि मेयर शैली बोबरॉय ने उन्हें सोमवार को बैठक करके समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया, लेकिन हड़ताली डीबीसी कर्मचारी नहीं माने।
सोमवार को डीबीसी कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल का पहला दिन था। सोमवार को मेयर शैली ओबरॉय व डिप्टी मेयर आले इकबाल तथा दिल्ली नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त सुनील भादू के साथ डीबीसी कर्मचारियों की एसोसिएशन के पदाधिकारियों की अलग अलग बैठकें हुईं। लेकिन दोनों ही बैठकें बेनतीजा रहीं।
पहली बैठक एडीशनल कमिश्नर सुनील भादू के साथ हुई, बताया जा रहा है कि दिल्ली नगर निगम के अधिकारी अपने पहले जैसे अड़ियल रवैये पर अड़े रहे। जिसकी वजह से समस्या का कोई समाधान नहीं निकल सका। इसके पश्चात मेयर शैली ओबरॉय और डिप्टी मेयर आले इकबाल ने एसोसिएशन के पदाधिकारियों को बुलाकर समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। लेकिन इसके बावजूद बात नहीं बन सकी।
एंटी मलेरिया एकता कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष देवानंद शर्मा ने कहा कि नगर निगम के अधिकारी और राजनेता पहले भी कई बार आश्वासन दे चुके हैं। लेकिन अब आश्वासनों से काम नहीं चलेगा। जब तक डीबीसी कर्मचारियों को कोई लिखित में ठोस आश्वासन नहीं दिया जाता, तब तक हमारी अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी।
बीजेपी ने लिखा महापौर को पत्र

दिल्ली बीजेपी प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने महापौर डॉ. शेली ओबेरॉय का ध्यान ऐसे समय जब कीड़ों एवं मच्छरों के काटने से होने वाली डेंगू आदि बीमारियाँ चरम पर हैं उस समय दिल्ली नगर निगम के घरेलू प्रजनन जांचकर्ताओं (डी.बी.सी.) कर्मियों की हड़ताल की ओर आकर्षित किया है।
डेंगू के मामले जो 2020 से 2022 के बीच कम हो गए थे, इस साल लगभग दोगुने हो गए हैं, जबकि मलेरिया के मामले भी हाल के दिनों में पहले की तरह बढ़ रहे हैं। दिल्ली बीजेपी प्रवक्ता ने कहा है कि यह अफसोसजनक है कि दिल्ली नगर निगम में आम आदमी पार्टी नेतृत्व दिल्ली में मच्छरों के बढ़ते प्रजनन और डी.बी.सी. की हड़ताल के दोहरे मुद्दे पर लापरवाह है।
यह शर्मनाक है कि महापौर नगर निगम कर्मियों को समय पर वेतन देने का अकसर दावा करती हैं पर वहीं डी.बी.सी. कर्मी समय पर वेतन नहीं मिल पाने से ऐसे समय पर हड़ताल पर गये हैं जब उनकी सेवाओं की सर्वाधिक अवशयकता है। महापौर से तत्काल हड़ताली डी.बी.सी. कर्मियों के साथ बैठक करने का आग्रह किया है और कहा है की कर्मचारियों को उनका लंबित वेतन जारी करें और उनकी जायज़ मांगों को स्वीकार करें।