यूजर चार्ज पर गरमाई सियासतः मेयर के इस्तीफे की मांग पर BJP का धरना… मांगों को लेकर मिलने पहुंचे AAP पार्षद, नहीं मिले निगम आयुक्त

-यूजर चार्ज लगाने पर जारी रहेगा बीजेपी का आप के खिलाफ प्रदर्शनः राजा इकबाल
-बिना जानकारी थोपा यूजर चार्ज, वापस लें निगम आयुक्तः मेयर महेश कुमार

एसएस ब्यूरो/ नई दिल्लीः 16 अप्रैल।
दिल्ली वालों पर दिल्ली नगर निगम के द्वारा थोपे गये भारी-भरकम यूजर चार्ज पर राजधानी में सियासत जोरों पर है। भारतीय जनता पार्टी और आम आदमी पार्टी एक-दूसरे पर यूजर चार्ज लगाये जाने का आरोप लगा रहे हैं। खास बात है कि दोनों दलों के नेता और निगम पार्षद एक-दूसरे के खिलाफ धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। परंतु 1 अप्रैल से थोपे गये यूजर चार्ज को हटाये जाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाये जा रहे हैं।
बुधवार को बीजेपी और आप की सियासत से एमसीडी का मुख्यालय सिविक सेंटर गुलजार रहा। यूजर चार्ज लगाये जाने के विरोध में एमसीडी में बीजेपी पार्षदों ने नेता प्रतिपक्ष राजा इकबाल सिंह और उप नेता प्रतिपक्ष जय भगवान यादव के नेतृत्व में सिविक सेंटर में महापौर और आम आदमी पार्टी के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। दूसरी ओर मेयर महेश कुमार के नेतृत्व में आप पार्षद यूजर चार्ज हटाये जाने और घोषणा के मुताबिक कच्चे कर्मचारियों को पक्का किये जाने की मांग को लेकर निगम आयुक्त से मिलने गये, परंतु हास्यास्पद स्थिति तब बन गई जब निगम आयुक्त ज्ञानेश भारती अपने कार्यालय में ही नहीं मिले।
बुधवार को बीजेपी के पार्षद मेयर दफ्तर के बाहर एकजुट हुए और मेयर और आम आदमी पार्टी हाय-हाय के नारे लगाए। इस दौरान बीजेपी पार्षदों ने आम आदमी पार्टी को जनता विरोधी दल बताया।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष सरदार राजा इकबाल सिंह ने कहा कि अब तो जगजाहिर हो गया है कि आम आदमी पार्टी जनता विरोधी है क्योंकि जो पार्टी आम नागरिक की बात करती थी वही पार्टी तीन साल से जब से निगम की सत्ता में आई है वह दिल्ली नगर निगम का बेडागर्ग करने में तुली हुई है। एक ओर दिल्ली की सफाई व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। कई-कई दिन तक सड़कों से कूड़ा तक नहीं उठ रहा है। गलियों में कूड़े के ढेर लगे हुए हैं और दूसरी ओर आम आदमी पार्टी प्रापर्टी टैक्स के साथ कूड़ा उठाने के बदले यूजर चार्ज वसूलने लग गई है। आम आदमी पार्टी के नेता यूजर चार्ज के मामले में घड़ियाली आंसू दिखा रहे हैं रहे हैं जबकि सच्चाई यह है कि इनकी कथनी और करनी अलग-अलग है क्योंकि एक ओर पिछले दरवाजे से अधिकारियों के साथ मिलकर यूजर चार्ज लगा रही है और महापौर पत्रबाजी और विरोध प्रदर्शन करके नौटंकी कर रहे हैं। जबकि सच्चाई यह है कि आम आदमी पार्टी के राज में ही यूजर चार्ज लगे। जब दिल्ली में आपदा सरकार थी तो उसने यूजर चार्ज लगाने के नियम लागू करें। भाजपा की सरकार ने उस समय इसका विरोध किया था और भाजपा जब तक सत्ता में रही तब तक इसे लागू नहीं करने दिया। लेकिन आम आदमी पार्टी ने सत्ता में आते ही दिल्ली में हेल्थ ट्रेड लाइसेंस, जनरल ट्रेड लाइसेंस के दाम भी बढ़ा दिए और प्रॉपटी टैक्स के साथ यूजर चार्ज लेना शुरू कर दिया। भाजपा इसका विरोध करती है। महापौर में जरा सी भी नैतिकता बची है तो तुरंत इस्तीफा दे दें। क्योंकि जनता पर बोझ डालने वाली आपदा सरकार को अब सहन नहीं किया जा सकता है।
उप नेता प्रतिपक्ष जय भगवान यादव ने कहा कि आप सरकार ने दिल्ली का बेडागर्ग कर दिया। जिस प्रकार से केजरीवाल ने दिल्ली को 20 साल पीछे कर दिया ऐसे ही आपदा की निगम सरकार निगम के विकास की गति को रोक दिया है। अब समय आ गया है कि आपदा सरकार हटे और दिल्ली में ट्रिप्पल इंजन की सरकार बने। प्रदर्शन में केशवपुरम जोन के चेयरमैन योगेश वर्मा, शाहदरा साउथ जोन के चेयरमैन संदीप कपूर, नजफगढ़ जोन के चेयरमैन अमित खरखरी, पार्षद संजीव सिंह, नरेला जोन के चेयरमैन पवन सहरावत समेत कई वरिष्ठ पार्षद मौजूद थे।
आप नेताओं को नहीं मिले निगम आयुक्त
हाउस टैक्स में छूट देने और 12 हजार कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने के सदन में पास प्रस्ताव को लागू कराने की मांग को लेकर बुधवार को दिल्ली के मेयर महेश कुमार और नेता सदन मुकेश गोयल के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी के पार्षद निगम आयुक्त अश्विनी कुमार से मिलने उनके कार्यालय में पहुंचे। परंतु आयुक्त ज्ञानेश भारती इससे पहले ही अपने कार्यालय से जा चुके थे। आप पार्षदों को बताया गया कि निगम आयुक्त किसी केस की सुनवाई को लेकर कार्यालय से जा चुके हैं। इसके बाद आप के पार्षदों ने उनके कार्यालय में बैठकर काफी देर तक उनका इंतजार किया। जब निगमायुक्त नहीं आए तो आप पार्षद नारेबाज़ी कर वापस लौट आए।
मेयर महेश कुमार ने कहा कि निगमामुक्त को जानकारी दी गई थी कि आप पार्षद उनसे मिलने आ रहे हैं, लेकिन वह बहाना बनाकर हमारे पहुंचने से पहले ही कार्यालय से चले गए। उन्होंने कहा कि 12 हजार कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने और हाउस टैक्स में रियायत देने को लेकर निगम में पास प्रस्ताव अभी तक अमल में नहीं लाया गया है। उन्होंने कहा कि निगम आयुक्त ने बिना मेयर की जानकारी में लाए और बिना सदन में प्रस्ताव पास कराए ही दिल्ली के लोगों के ऊपर यूजर चार्जे लगा दिया है। आम आदमी पार्टी यूजर चार्जे का विरोध करती है और इसे तत्काल खत्म करने की मांग करती है।
महेश कुमार ने कहा कि यूजर चार्ज से जनता पर एक अतिरिक्त टैक्स की मार पड़ी है। दिल्ली के लोग पहले ही महंगाई और टैक्स की मार से दुखी है। इसकी वजह से लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद हाउस टैक्स में यूजर चार्ज जोड़ दिया गया है। हमारी मांग है कि यूजर चार्ज को हाउस टैक्स से हटाया जाए। यूजर चार्ज को हाउस टैक्स के साथ न लिया जाए। यह जनता पर अनायास बोझ थोपा जा रहा है। इसे तुरंत वापस लिया जाए।