MCD स्टेंडिंग कमेटी से 9 सदस्य रिटायर, हाउस से 3 और 6 सदस्यों का होगा जोन से चुनाव

-अप्रैल महीने की पहली बैठक में होगा मेयर व डिप्टी मेयर का चुनाव

एसएस ब्यूरो/ नई दिल्लीः 31 मार्च।
दिल्ली नगर निगम की सबसे पॉवरफुल कही जाने वाली स्टेंडिंग कमेटी के 9 पद खाली हो गये हैं। स्टेंडिंग कमेटी के कुल 18 सदस्यों में से अब 9 सदस्यों का चुनाव होगा। इनमें से 6 सदस्यों का चुनाव वार्ड समिति (जोन) से होना है। जबकि 3 सदस्यों का चुनाव अप्रैल महीने में एमसीडी की पहली बैठक में किया जायेगा। दरअसल इन 3 सदस्यों का चुनाव अपै्रल महीने में एमसीडी के हाउस की पहली बैठक में होने वाले मेयर एवं डिप्टी मेयर के साथ कराया जायेगा।
दरअसल मंगलवार को स्थायी समिति की बैठक में 9 सदस्यों को पर्ची (लॉटरी सिस्टम) के द्वारा रिटायर किया गया। इनमें आम आदमी पार्टी के तीन और बीजेपी के छह सदस्य (निगम पार्षद) शामिल हैं। आप के अंकुश नारंग, मोहिनी जीनवाल और आमिल मलिक स्टेंडिंग कमेटी की सदस्यता से अलग हो गये हैं। बीजेपी के पार्षदों में स्टेंडिंग कमेटी की सदस्यता से अलग होने वालों में शिखा भारद्वाज, अन्जू देवी, इंद्रजीत सहरावत, नीमा भगत, राजपाल सिंह और पंकज लूथरा के नाम शामिल हैं।
बतादें कि स्टेंडिंग कमेटी में कुल 18 सदस्य होते हैं। हालांकि स्टेंडिंग कमेटी के चुने जाने वाले सदस्यों का कार्यकाल दो वर्ष का होता है। परंतु पहले वर्ष के बाद आधे (कुल 9 ) सदस्यों को लॉटरी सिस्टम के जरिये रिटायर किया जाता है। जिससे अगले वर्षों में स्टेंडिंग कमेटी के लिए हर वर्ष 9 नये सदस्यों का चुनाव किया जाता है। इसी व्यवस्था के तहत इस वर्ष 9 सदस्यों की सदस्यता खत्म की गई है और इसी वर्ष 9 सदस्यों का चुनाव किया जायेगा। अब अगले वर्ष ऐसे 9 सदस्यों के स्थान पर चुनाव कराया जायेगा, जिनका 2 वर्ष का कार्यकाल अगले वर्ष पूरा हो जायेगा।