-दोनों पदों पर निर्विरोध हुआ निर्वाचन
एसएस ब्यूरो/ नई दिल्लीः 27 जुलाई।
सोमवार को सिविक सेंटर में संपन्न हुए चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की निगम पार्षद सत्या शर्मा को अध्यक्ष चुन लिया गया। इसके साथ ही उपाध्यक्ष पद पर सत्यपाल सिंह को उपाध्यक्ष चुना गया। दोनों पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ। वार्ड संख्या-226 (गौतमपुरी) से पार्षद सत्या शर्मा लगातार दोबारा स्थायी समिति का अध्यक्ष चुना गया है। वहीं सत्यपाल सिंह वार्ड संख्या-248 (करावल नगर वेस्ट) से निगम पार्षद हैं।
निर्वाचन के पश्चात दोनों नेताओं ने कहा कि ने कहा कि स्थायी समिति को स्वस्थ एवं सकारात्मक संवाद का मंच बनाया जाएगा। समिति में पक्ष और विपक्ष के सभी पार्षदों को समान रूप से अपनी बात रखने का पूरा अवसर दिया जाएगा तथा प्रत्येक जनहित विषय पर लोकतांत्रिक एवं सार्थक चर्चा सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि उनके आगामी कार्यकाल की सबसे बड़ी प्राथमिकता वर्ष 2022 के एमसीडी चुनाव के दौरान भारतीय जनता पार्टी द्वारा दिल्ली की जनता से किए गए वादों को धरातल पर उतारना तथा जनहित के विकास कार्यों को गति देना होगा। उन्होंने कहा कि पिछले वित्तीय वर्ष में स्थायी समिति के बजट में घोषित जनहितकारी योजनाओं एवं विकास परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करना उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार के समन्वित प्रयासों से राजधानी में सकारात्मक परिवर्तन दिखाई दे रहे हैं। भलस्वा, ओखला एवं गाजीपुर के कूड़े के पहाड़ लगातार छोटे हो रहे हैं तथा उन्हें निर्धारित समय-सीमा के भीतर समाप्त करने के लिए गंभीरता से कार्य किया जा रहा है। इसके साथ ही सफाई व्यवस्था, ठोस कचरा प्रबंधन, पार्कों के विकास, सड़कों के रखरखाव एवं नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए भी निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने निगम के सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, सभी दलों के पार्षदों एवं दिल्लीवासियों से सहयोग का आह्वान करते हुए कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों से दिल्ली नगर निगम को और अधिक सशक्त, पारदर्शी तथा जनसेवा के प्रति समर्पित संस्था बनाया जाएगा।


