वृंदावन में बड़ा हादसाः बांके बिहारी के दर्शन करने आये 10 श्रद्धालुओं की मौत

-32 श्रद्धालुओं से भरा स्टीमर यमुना में पलटा, 15 सुरक्षित, 7 की तलाश जारी

एसएस ब्यूरो/ मथुरा (उ.प्र.)
उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में बड़ा हादसा सामने आया है। शुक्रवार को वृंदावन के केशी घाट पर एक दर्दनाक हादसा हो गया। यमुना नदी में स्टीमर पलटने से 10 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, वहीं 15 श्रद्धालुओं को सुरक्षित बचा लिया गया। अभी 7 श्रद्धालु लापता बताये जा रहे हैं। इनमें से जिन श्रद्धालुओं की हालत गंभीर है, उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे को लेकर पीएम मोदी से लेकर सीएम योगी तक ने दुख जताया है। सीएम योगी ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।

बताया जा रहा है कि करीब 150 श्रद्धालुओं का जत्था पंजाब के लुधियाना, मुक्तसर और मोगा से तीन बसों में बांके बिहारी के दर्शन करने आया था। इनमें से 32 श्रद्धालुओं ने शुक्रवार को सुबह पहले बांके बिहारी के दर्शन किए फिर स्टीमर पर सवार होकर यमुना नदी में सैर करने निकल गए। इसी दौरान जब इनका स्टीमर केशी घाट पर पहुंचा तो वहां बने पांटून पुल से टकरा गया। पुल से टकराते ही स्टीमर अनियंत्रित होकर नदी में पलट गया और एक-एक श्रद्धालु नदी में डूबने लगे।
प्राप्त सूचना के मुताबिक अभी तक 10 श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है और 15 को यमुना में से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। वहीं 7 श्रद्धालु अब भी लापता हैं। स्थानीय प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर हैं और एनडीआरएफ की टीम लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई है।