ज्योति और आकाश भारत की वर्ल्ड बॉक्सिंग कप टीम में शामिल

-बीएफआई ने चीन में होने वाले स्टेज-2 के लिए भारतीय दल का आकार 18 से बढ़ाकर 20 किया

विजय कुमार/ नई दिल्ली, 13 जून।
भारतीय मुक्केबाजी महासंघ (बीएफआई) के अध्यक्ष अजय सिंह ने आगामी वर्ल्ड बॉक्सिंग कप 2026 (स्टेज-2) में ज्योति (48 किग्रा) और आकाश (75 किग्रा) की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पहल की है। यह प्रतियोगिता चीन के गुइयांग शहर में आयोजित होने जा रही है।
टूर्नामेंट सोमवार से शुरू होने वाला है, लेकिन ज्योति और आकाश अंतिम सरकारी स्वीकृत दल का हिस्सा नहीं थे। ऐसे में बीएफआई अध्यक्ष अजय सिंह ने हस्तक्षेप करते हुए दोनों मुक्केबाजों की भागीदारी सुनिश्चित की, जिससे वे गुइयांग में भारतीय टीम के साथ वर्ल्ड बॉक्सिंग कप स्टेज-2 में हिस्सा ले सकेंगे।
इस फैसले से ज्योति और आकाश को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने का महत्वपूर्ण अवसर मिलेगा। साथ ही उन्हें दुनिया के शीर्ष मुक्केबाजों के खिलाफ खेलने, अनुभव हासिल करने और अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग अंक अर्जित करने का मौका मिलेगा।
बीएफआई अध्यक्ष अजय सिंह ने कहा, “हमारी सबसे पहली जिम्मेदारी खिलाड़ियों के प्रति है। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताएं किसी भी मुक्केबाज के विकास में अहम भूमिका निभाती हैं और हर योग्य खिलाड़ी को दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के खिलाफ खुद को परखने का अवसर मिलना चाहिए। ज्योति और आकाश ने इस मौके को हासिल करने के लिए कड़ी मेहनत की है और यह जरूरी था कि उन्हें प्रतिस्पर्धा करने, शीर्ष अंतरराष्ट्रीय प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ अनुभव हासिल करने तथा उच्चतम स्तर पर अपने विकास को आगे बढ़ाने का अवसर मिले।”
ज्योति और आकाश के शामिल होने के बाद गुइयांग में होने वाले वर्ल्ड बॉक्सिंग कप स्टेज-2 के लिए भारत का दल 18 से बढ़कर 20 मुक्केबाजों का हो गया है, जिसमें 10 पुरुष और 10 महिला मुक्केबाज शामिल हैं।
वर्ल्ड बॉक्सिंग कप 2026 (स्टेज-2) के लिए भारतीय टीम
महिला टीम (10 मुक्केबाज):
ज्योति (48 किग्रा), मीनाक्षी (51 किग्रा), पूनम (54 किग्रा), प्राची (57 किग्रा), माही लामा (60 किग्रा), सनेह (65 किग्रा), गितिमोनी जी (70 किग्रा), सनामाचा सी (75 किग्रा), नैना (80 किग्रा), अल्फिया तरन्नुम अकरम खान पठान (+80 किग्रा)
पुरुष टीम (10 मुक्केबाज):
ऋषि एस (50 किग्रा), निखिल (55 किग्रा), अनमोल (60 किग्रा), अभिनाश जमवाल (65 किग्रा), दीपक (70 किग्रा), आकाश (75 किग्रा), मल्सावमतलुआंगा (80 किग्रा), जुगनू (85 किग्रा), हर्ष चौधरी (90 किग्रा), सावन जी (+90 किग्रा)