-11 एवं 12 सितंबर को क्लासिक गोल्फ एंड कंट्री क्लब में हो रहा आयोजन
विजय कुमार/ गुरुग्रामः 09 सितंबर।
यू.एस. किड्स गोल्फ इंडिया सीरीज अपने छठे सत्र के लिए लौट रही है। 50 से अधिक युवा गोल्फर विभिन्न आयु वर्गों में 11 और 12 सितंबर को विश्वस्तरीय क्लासिक गोल्फ एंड कंट्री क्लब में आयोजित होने वाले दो आयोजनों में हिस्सा लेंगे।
भारत में यू.एस. किड्स गोल्फ कार्यक्रम की बढ़ती लोकप्रियता युवा गोल्फरों और उनके परिवारों की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने की बढ़ती आकांक्षाओं को दर्शाती है। प्रतिष्ठित यू.एस. किड्स यूरोपियन चैंपियनशिप, स्कॉटलैंड और यू.एस. किड्स वर्ल्ड चैंपियनशिप, पाइनहर्स्ट में भारतीय खिलाड़ियों की भागीदारी पिछले कुछ वर्षों में लगातार बढ़ी है। कई भारतीय युवा खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया है।
2026 यू.एस. किड्स वर्ल्ड चैंपियनशिप में भारत ने शानदार सफलता हासिल की। निहाल चीमा ने बॉयज 9 वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए संयुक्त रूप से दूसरा स्थान (टी-2) हासिल किया। वहीं वेदिका ने गर्ल्स 10 में टी-3 और आद्या थिम्मैया ने गर्ल्स 12 में टी-4 स्थान हासिल किया। अर्शवंत श्रीवास्तव ने भी पाइनहर्स्ट में आयोजित यू.एस. किड्स वर्ल्ड टीन चैंपियनशिप 2026 में संयुक्त रूप से चैथा स्थान (टी-4) हासिल किया। इंडिया सीरीज का एक प्रमुख आकर्षण यू.एस. किड्स गोल्फ प्रायोरिटी स्टेटस हासिल करने का अवसर है।
भारतीय युवा गोल्फरों के लिए यह घरेलू प्रतियोगिताओं से दुनिया की कुछ सबसे प्रतिष्ठित जूनियर गोल्फ प्रतियोगिताओं तक पहुंचने का एक व्यवस्थित मार्ग तैयार करता है। पाइनहर्स्ट में आयोजित होने वाली यू.एस. किड्स गोल्फ वर्ल्ड चैंपियनशिप में दुनिया भर के 5 से 12 वर्ष की आयु के खिलाड़ी हिस्सा लेते हैं, जबकि वर्ल्ड टीन चैंपियनशिप 13 से 18 वर्ष के गोल्फरों को अंतरराष्ट्रीय मंच प्रदान करती है। स्कॉटलैंड में होने वाली यूरोपियन चैंपियनशिप भी एक प्रमुख गंतव्य बन चुकी है, जिसमें 50 से अधिक देशों के सैकड़ों युवा गोल्फर हिस्सा लेते हैं।
यू.एस. किड्स इंडिया एंड एशिया के अध्यक्ष राजेश श्रीवास्तव ने कहा, “यू.एस. किड्स सीरीज का विकास शानदार रहा है। एशिया में 6,000 से अधिक युवा गोल्फर इसमें भाग ले चुके हैं। अकेले इस वर्ष हमने एशिया में 100 से अधिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया है।”
अमेरिकन जूनियर गोल्फ एसोसिएशन (एजेजीए) के साथ साझेदारी विशेष रूप से महत्वपूर्ण है, क्योंकि यू.एस. किड्स गोल्फ में उच्च स्तर का प्रायोरिटी स्टेटस हासिल करने वाले खिलाड़ी परफॉर्मेंस स्टार्स अर्जित कर सकते हैं। अब इस सीरीज की मौजूदगी एशिया के 10 से अधिक देशों में है, जिनमें चीन, मलेशिया, थाईलैंड, फिलीपींस, कोरिया, सिंगापुर, इंडोनेशिया, कजाकिस्तान और उज्बेकिस्तान शामिल हैं। चीन, थाईलैंड और मलेशिया जैसे देशों में पूरे सत्र के दौरान यू.एस. किड्स की कई सीरीज आयोजित की जाती हैं।


