महेंदू एन्क्लेव में जोरों पर अवैध निर्माण… बिल्डर्स को सियासी संरक्षण… एक लेंटर के लिए हो रही 5 से 14 लाख तक की वसूली

-पिछले वर्ष हुए निगम चुनाव के बाद आई अवैध निर्माण की बाढ़, दांव पर लगी हजारों लोगों की जान
-दिल्ली नगर निगम के मॉडल टाउन वार्ड संख्या 68 का मामला

हीरेन्द्र सिंह राठौड़/ नई दिल्लीः 13 दिसंबर, 2023।
दिल्ली नगर निगम (Municipal Corporation of Delhi) की स्थायी समिति, वार्ड समितियों और विभिन्न समितियों गठित नहीं होने का नाजायज फायदा निगम अधिकारियों के साथ कुछ सियासतदान भी जमकर उठा रहे हैं। राजधानी के कई इलाकों में जमकर अवैध निर्माण किया जा रहा है। ताजा मामला उत्तरी दिल्ली के मॉडल टाउन वार्ड (Model Town Ward) के महेंदू् एन्क्लेव (Mahendru Enclave) का सामने आया है। इस छोटी सी कालोनी में करीब चार दर्जन संपत्तियों में जमकर अवैध निर्माण किया जा रहा है। गौरतलब है कि 2022 के नगर निगम चुनाव में यह सीट बीजेपी ने जीती है।

सूत्रों का कहना है कि स्थानीय चुने हुए सियासतदानों और संबंधित एजेंसियों की मिलीभगत से महेंदू्र एन्क्लेव में बिल्डर माफिया का राज चल रहा है। बताया जा रहा है कि संपत्ति के आकार के हिसाब से एक लेंटर के लिए 5 लाख से 14 लाख रूपये तक की वसूली की जा रही है। गौरतलब है कि महेंद्रू एन्क्लेव कालोनी अवैध कालोनियों में आती है, जिसकी वजह से यहां की संपत्तियों पर निर्माण के लिए दिल्ली नगर निगम नक्शों को मंजूरी नहीं देता है।
कालोनी की संपत्ति संख्या बी-9, बी-10, बी-21, सी-14, सी-17, सी-20, सी-46, सी-48, सी-52, सी-102, सी-122, सी-128, डी-109, डी-110, ए-40/2, ए-40/3 और ए-40/4 सहित दर्जनों संपत्तियों को तोड़कर दोबारा कई मंजिला बनाया जा रहा है। अवैध निर्माण के काम में पिछले छह महीनों से ज्यादा तेजी आई है, जबकि दिल्ली नगर निगम के अधिकारियों ने पूरी तरह से इस अवैध निर्माण के प्रति आंखें मूंद रखी हैं और एक भी अवैध निर्माण के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है।