दिल्ली उपचुनावः BJP के राजेश भाटिया देंगे AAP के पाठक को टक्कर

-बीजेपी ने राजेंद्र नगर सीट से उतारा मजबूत उम्मीदवार

शक्ति सिंह/ नई दिल्ली, 04 जून, 2022
दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी ने राजेंद्र नगर विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव में युवा एवं संघर्षशील नेता राजेश भाटिया को चुनाव मैदान में उतारा है। माना जा रहा है कि इस सीट पर चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों में राजेश भाटिया सबसे ज्यादा मजबूत साबित होंगे। बीजेपी नेता मानकर चल रहे हैं कि राजेंद्र नगर सीट पर इस बार चुनाव स्थानीय बनाम बाहरी और दिल्ली सरकार बनाम केंद्र सरकार के कामकाज के मुद्दों पर लड़ा जायेगा।
भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय कार्यालय की ओर से शनिवार को लोकसभा के दो और विधानसभा के 7 उम्मीदवारों की घोषणा की गई। बीजेपी ने उत्तर प्रदेश की रामपुर लोकसभा सीट से घनश्याम लोधी और आजमगढ़ लोकसभा सीट के लिए दिनेश लाल यादव निरहुआ को अपना उम्मीदवार बनाया है। जबकि त्रिपुरा की टाउन बोरदोवली विधानसभा सीट से प्रो माणिक शाह, अगरतला सीट से डॉ अशोक सिन्हा, सुरमा सीट से स्वप्न दास पॉल जुबराज नगर सीट से मालिना देवनाथ को चुनाव मैदान में उतारा है।
बीजेपी ने आंध्र प्रदेश की आत्मकूर विधानसभा सीट से गंदलपल्ली भरत कुमार यादव, झारखंड की मंदर विधानसभा सीट से गंगोत्री कुजुर और दिल्ली की राजेंद्र नगर विधानसभा सीट से राजेश भाटिया को अपना उम्मीदवार बनाया है। बता दें कि राजेश भाटिया इससे पहले राजेंद्र नगर इलाके से निगम पार्षद रह चुके हैं। साथ ही वह मंडल से लेकर जिला और प्रदेश संगठन में कई दायित्व निभा चुके हैं। अब से पहले तत्तकालीन प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी की टीम में राजेश भाटिया प्रदेश महामंत्री रहे हैं।
दावेदारों में सबसे मजबूत साबित हुए भाटिया
राजेंद्र नगर विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव में बीजेपी की ओर से करीब डेढ़ दर्जन लोग दावेदार थे। इनमें पूर्व विधायक आरपी सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष राजन तिवारी, पूर्व निगम पार्षद प्रमोद तंवर, जिला अध्यक्ष राजेश गोयल, सोनिया सिन्हा, प्रदेश प्रवक्ता हरीश खुराना, पूर्व निगम पार्षद मालती वर्मा, मोहन दायमा, बृजेश तंवर और पेशे से डॉक्टर व युवा मोर्चा पदाधिकारी उमंग बजाज की मां प्रमुख दावेदार थे। लेकिन पार्टी नेतृत्व ने क्षेत्रीय परिस्थितियों और विधानसभा क्षेत्र में ज्यादातर समय सक्रिय रहे राजेश भाटिया के नाम पर अपनी मुहर लगा दी है। बताया जा रहा है कि प्रदेश नेतृत्व भी राजेश भाटिया को विधानसभा चुनाव लड़ने का एक मौका देना चाहता था।
2020 के विधानसभा चुनाव में भी की थी दावेदारी
राजेश भाटिया ने फरवरी 2020 में हुए विधानसभा चुनाव में भी राजेंद्र नगर सीट से चुनाव लड़ने के लिए दावेदारी की थी। लेकिन उस समय पूर्व विधायक आरपी सिंह टिकट हथियाने में सफल रहे थे। हालांकि आरपी सिंह इससे पहले 2015 का विधानसभा चुनाव भी हार गये थे। इसके बावजूद राजेश भाटिया अपने क्षेत्र में लगातार सक्रिय रहे और राजेंद्र नगर सहित इंद्रपुरी के जेजे क्लस्टर में विशेष रूप से सक्रिय रहे। पार्टी से जुड़े सूत्र बताते हैं कि राजेश भाटिया को इलाके के लोगों का समर्थन प्राप्त है और वह पार्टी के लिए मजबूत दावेदार साबित होंगे।