-संघ अधिकारियों ने शुरू की प्रदेश संगठन में बदलाव की कवायद
-एक पूर्व संगठन महामंत्री को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देने पर विचार
-संघ को पसंद आ रहा प्रदेश संगठन महामंत्री का कामकाज
हीरेन्द्र सिंह राठौड़/ नई दिल्लीः 24 अगस्त, 2022।
दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी में जल्दी ही नेतृत्व परिवर्तन किया जा सकता है, पार्टी में यह चर्चा जोरों से शुरू हो गई है। बताया जा रहा है कि शीर्ष के दो नेताओं को जल्दी ही बदला जा सकता है। इसके पश्चात प्रदेश पदाधिकारियों और कार्यकारिणी में भी फेरबदल किया जा सकता है। ऐसा 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव के मद्देनजर किया जा रहा है। बदलाव की यह चर्चा राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की ओर से शुरू की गई है, लेकिन अब दिल्ली बीजेपी के ज्यादातर नेताओं के बीच यह चर्चा का विषय बन गया है।
राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के एक पदाधिकारी के मुताबिक पार्टी के पुराने नेताओं के साथ इस मामले में विचार-विमर्श किया जा रहा है। कुछ ऐसे नेताओं से भी संपर्क किया जा रहा है जो पिछले समय में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके हैं, लेकिन फिलहाल पार्टी में अलग-थलग पड़े हुए हैं। संघ के पदाधिकारी चाहते हैं कि दिल्ली में संगठन और कार्यकर्ताओं को अभी से 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए तैयारियों में जुटा दिया जाये।
संघ पदाधिकारी ने यह भी बताया कि प्रदेश संगठन महामंत्री जिस तरह से दिल्ली में बीजेपी को बढ़ाने में जुटे हुए हैं, उससे संघ और बीजेपी आलाकमान संतुष्ट है। अतः संगठन महामंत्री के पद पर किसी बदलाव की आशंका नहीं है। वहीं एक पूर्व संगठन महामंत्री को प्रदेश के शीर्ष नेतृत्व में कोई अहम जिम्मेदारी दिये जाने पर भी विचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश प्रभारियों के कामकाज से भी संगठन के पदाधिकारी संतुष्ट नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि ‘हमारा लक्ष्य 2024 का लोकसभा चुनाव है। ज्यादातर सांसदों को दो बार का टर्म यानी 10 साल हो जायेंगे, ऐसे में उनके खिलाफ एंटी इनकंबेंसी भी हो सकती है। ऐसे में पहले से तैयारियों में जुटने की जरूरत है। लोकसभा चुनाव नये प्रदेश नेतृत्व के नेतृत्व में कराये जाने पर विचार किया जा रहा है। इसके लिए अभी से तैयारी शुरू की जा रही है। इसके लिए पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ विचार-विमर्श की प्रक्रिया शुरू हो गई है।’
नहीं होगा राष्ट्रीय स्तर पर नेतृत्व परिवर्तन
बता दें कि भारतीय जनता पार्टी के संविधान के अनुसार हर 3 वर्ष बाद राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर पर नेतृत्व परिवर्तन होता है। राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के पश्चात ही प्रदेशों के नेतृत्व में परिवर्तन किया जाता है। इस तरह से राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का कार्यकाल जनवरी 2023 में पूरा होगा। इसी तरह प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष आदेश गुप्ता कार्यकाल भी मई 2023 में खत्म होगा। बताया जा रहा है कि बीजेपी आलाकमान लोकसभा चुनाव से पूर्व राष्ट्रीय नेतृत्व में कोई परिवर्तन नहीं करना चाहता। इसलिए संघ पदाधिकारियों ने लोकसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर दिल्ली में नेतृत्व परिवर्तन की कवायद शुरू कर दी है।