दिल्ली नगर निगम से हटाए कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारी… BJP ने AAP पर लगाया कर्मियों को हटाने का आरोप

-तीन कंपनियों को जारी किया अपने कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारी हटाने का नोटिस

एसएस ब्यूरो/ नई दिल्ली: 31 मार्च, 2023।
दिल्ली नगर निगम से बड़ी खबर आ रही है। निगम ने तीन कंपनियों को नोटिस जारी करके अपने कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारियों को 1 अप्रैल से हटाने के लिए नोटिस जारी कर दिए हैं। अब सोमवार 3 अप्रेल से निगम का कामकाज प्रभावित हो सकता है। दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी ने आरोप लगाया है कि इतने बड़े स्तर पर कॉन्ट्रैक्ट कर्मियों को हटाकर आम आदमी पार्टी की मेयर अपने कार्यकर्ताओं को नगर निगम में लगाना चाहती है।
गौरतलब है कि नगर निगम की ओर से मैं. ब्रॉडकास्ट इंजीनियरिंग कंसलटेंट इंडिया लिमिटेड, मैं. प्राविधि इंडिया और मैं. नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इनफार्मेशन टेक्नोलॉजी इंडिया लिमिटेड को नोटिस जारी करते हुए कहा गया है कि वो 31 मार्च, 2023 से अपने संविदा कर्मियों को हटा ले। इस तारीख के बाद कॉन्ट्रैक्ट पर लगाये गए उनके कर्मचारियों को कोई भुगतान नहीं किया जाएगा।
निगम सचिव को भी हटाया था
बता दें कि हाल ही में 27 अप्रेल को नगर निगम ने निगम सचिव के पद पर कार्यरत भगवान सिंह को भी तुरंत प्रभाव से हटा दिया था। बीजेपी का आरोप है कि निगम सचिव को भी मेयर शैली ओबरॉय के आदेश पर ही हटाया गया था।
BJP ने लगाया आरोप:AAP कार्यकर्ताओं को निगम में लगाने के लिए हटाने का आरोप
दिल्ली बीजेपी के प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने कहा है कि हम तो पहले से ही जानते थे कि आम आदमी पार्टी सत्ता में आते ही कांट्रैक्ट कर्मियों को हटायेगी,  क्योंकि जिस तरह उन्होने दिल्ली सरकार एवं सिविल डिफेंस में अपने कार्यकर्ता भर्ती किये हुऐ हैं, अब वही सब दिल्ली नगर निगम में भी करेंगे, जिससे निगम के कार्य ठप्प होंगे।