प्रियंका से रोजगार मांगने पहुंचे छात्रों की कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने की पिटाई

-राजस्थान से लखनऊ पहुंचे थे बेरोजगार छात्र

एसएस ब्यूरो/ लखनऊ
भारतीय जनता पार्टी शासित राज्यों और केंद्र की मोदी सरकार पर रोजगार नहीं देने का आरोप लगाने वाली कांग्रेस के मायने अपनी पार्टी वाली सरकारों के मामले में बदल जाते हैं। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी राजस्थान से रोजगार की मांग को लेकर लखनऊ पहुंचे छात्रों से बिना मिले ही पार्टी कार्यालय से निकल गईं। इससे भी बड़े आश्चर्य की बात तो यह है कि प्रियंका के जाते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजस्थान से आये छात्रों की पिटाई करके वहां से भगा दिया।

यह भी पढ़ेंः- 16 जुलाई को ग्रहों के राजा का राशि परिवर्तन… चार राशि वालों को मिलेगा अच्छा रोजगार… चार राशियों वाले रहें जरा संभलकर!

दरअसल शुक्रवार 16 जुलाई 2021 को राजस्थान के स्थाई कंप्यूटर शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थी प्रियंका गांधी को अपनी परेशानी बताने के लिए लखनऊ पहुंचे थे। लेकिन यहां उनके साथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मारपीट कर दी। ये अभ्यर्थी दोपहर से ही यूपी कांग्रेस के दफ्तर पर प्रियंका गांधी से मुलाकात करके अपनी बात कहने के लिए खड़े थे, लेकिन देर शाम प्रियंका गांधी बैठक खत्म करने के बाद अभ्यर्थियों से बिना मिले कार्यालय से निकल गईं। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके साथ मारपीट की है।
कंप्यूटर शिक्षक भर्ती की मांग
गौरतलब है कि राजस्थान में नियमित कम्प्यूटर शिक्षकों के एक लाख से ज्यादा पद खाली हैं, ढाई साल से इसकी परीक्षाएं टलती आ रही हैं। इसी को लेकर राजस्थान के बेरोजगार छात्र उत्तर प्रदेश में प्रियंका गांधी से अपनी तकलीफ बताने के लिए लखनऊ पहुंचे थे। राजस्थान के छात्रों का आरोप है कि उनके साथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मारपीट की और उनको दफ्तर से बाहर भगा दिया। इसका एक वीडियो भी वायरल हो रहा है।