UP में 17 सीटों पर लड़ेगी CONGRESS… रावण को मिला सपा-कांग्रेस का साथ… देखें पूरी लिस्ट

-एमपी में सपा को 1 सीट पर ल़ड़ायेगी कांग्रेस
-प्रियंका गांधी ने की अखिलेष से बात, दो सीटों पर पुनर्विचार की मांग

जतन किशोर शुक्ला/ नई दिल्लीः 21 फरवरी।
देश में सबसे ज्यादा लोकसभा सीटों वाले राज्य उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) में कांग्रेस (Congress) एवं समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) ने एक बार फिर से हाथ मिला लिया है। अब कांग्रेस और सपा (SP) एक साथ मिलकर लोकसभा चुनाव लड़ेंगी। कांग्रेस को 17 सीटें मिली हैं। जबकि इस गठबंधन में शामिल चंद्रशेखर ‘रावण’ की पार्टी एक सीट पर चुनाव लड़ेगी। बुधवार को सपा और कांग्रेस के नेताओं ने इसका ऐलान कर दिया।
दोनों दलों की ओर से बुधवार को की गई घोषणा के मुताबिक कांग्रेस के उम्मीदवार रायबरेली, अमेठी, कानपुर नगर, फतेहपुर सीकरी, बांसगांव, सहारनपुर, प्रयागराज, महाराजगंज, वाराणसी, अमरोहा, झांसी, बुलंद शहर, गाजियाबाद, मथुरा, सीतापुर, बाराबंकी और देवरिया सीट से चुनाव लड़ेंगे।
उत्तर प्रदेश में लोकसभा की कुल 80 सीट हैं। इनमें से कांग्रेस को 17 सीट दी गई हैं, जबकि बाकी की 63 सीटों पर समाजवादी पार्टी और दूसरे सहयोगी राजनीतिक दल चुनाव लड़ेंगे। बुधवार को कांग्रेस की ओर से प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे और प्रदेश अध्यक्ष अजय राय एवं सपा की ओर से प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल और प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी मौजूद रहे। गौरतलब है कि अमरोहा और वाराणसी सीटों से सपा पहले से अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है, परंतु अब सपा अपने उम्मीदवार इन सीटों से वापस लेगी।
प्रियंका ने मांगी श्रावस्ती की सीट, मुरादाबाद पर छोड़ा दावा
बताया जा रहा है कि कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने सपा एवं कांग्रेस के गठबंधन में प्रमुख भूमिका निभाई है। प्रियंका ने बुधवार को सपा प्रमुख अखिलेष यादव को फोन करके गठबंधन की घोषणा करने के लिए मना लिया। उन्होंने अखिलेष को कहा कि कांग्रेस मुरादाबाद सीट पर अपना दावा छोड़ रही है परंतु अखिलेष श्रावस्ती सीट कांग्रेस को देने पर विचार करें। बताया यह भी जा रहा है कि अखिलेष यादव ने प्रियंका गांधी को भरोसा दिलाया है कि वह उनकी बात पर विचार करेंगे।
जल्दी ही मंच शेयर करेंगे राहुल-अखिलेष-प्रियंका
बता दें कि बुधवार को प्रियंका गांधी और अखिलेष यादव की बातचीत के दौरान अखिलेष यादव ने कहा कि पहले ही गठबंधन की घोषणा होने में देरी हो चुकी है। अतः अब जल्दी ही राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ अखिलेष यादव की संयुक्त रैली होनी चाहिए। इस बात पर प्रियंका गांधी ने कहा कि अभी उनकी तबियत कुछ ठीक नहीं है, परंतु जल्दी ही तीनों नेता एक ही मंच पर होंगे और आगे का एक्शन प्लान बना लिया जायेगा। अब अखिलेष यादव कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की यात्रा में भी शामिल हो सकते हैं।