-हाईकमान का संदेश लेकर पहुंचे मुकुल वासनिक, लेकिन गहलोत ने रखी पहले मुलाकात की शर्त
-सचिन पायलट को राजस्थान का मुख्यमंत्री नहीं बनने देना चाहते अशोक गहलोत
जे.के.शुक्ला/ नई दिल्लीः 29 सितंबर, 2022।
दिल्ली से लेकर राजस्थान तक कांग्रेस का संकट लगातार बढ़ता जा रहा है। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत बुधवार रात से दिल्ली में डेरा जमाये हुए हैं। लेकिन गुरूवार दोपहर तक उनकी मुलाकात कांग्रेस हाईकमान से नहीं हो पाई है। गुरूवार को सुबह करीब 11 बजे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मुकुल वासनिक कांग्रेस अध्यक्ष का संदेश लेकर जोधपुर हाउस मे ठहने अशोक गहलोत के पास पहुंचे, लेकिन बात नहीं बन पाई।
बताया जा रहा है कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मुकुल वासनिक के द्वारा संदेश भिजवाया था कि अशोक गहलोत पहले राजस्थान के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दें और इसके पश्चात वह कांग्रेस के अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल करें। लेकिन गहलोत ने इस्तीफा देने से मना कर दिया है। बताया यह भी जा रहा है कि अशोक गहलोत ने पहले पार्टी अध्यक्ष से मिलकर उनके सामने अपनी बात रखने के लिए कहा है। बताया जा रहा है कि खबर लिखे जाने तक कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अभी तक उन्हें मिलने का समय नहीं दिया है। हालांकि खबर लिखे जाने तक अशोक गहलोत जोधपुर हाउस से 10 जनपथ पहुंच चुके थे। अब देखना यह है कि इस बातचीत का क्या नतीजा निकलता है।
सूत्रों का कहना है कि अशोक गहलोत चाहते हैं कि पहले कांग्रेस हाईकमान पहले उनके किसी समर्थक को राजस्थान का मुख्यमंत्री बनाने का ऐलान करे, तभी वह अपने पद से इस्तीफा देंगे। गहलोत किसी भी हालत में राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट को मुख्यमंत्री नहीं बनने देना चाहते हैं। वहीं कांग्रेस हाईकमान के सामने सबसे बड़ा संकट यह है कि यदि अशोक गहलोत के साथ कोई मनमानी की जाती है तो राजस्थान के ज्यादातर विधायक बगावत के मूड में बैठे हैं।
दिग्गी राजा, थरूर, मीरा, गहलोत सहित आधा दर्जन करेंगे नामांकन
कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए करीब आधा दर्जन पार्टी नेता नामांकन पत्र दाखिल करने की तैयारी में हैं। गुरूवार को मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कांग्रेस मुख्यालय पहुंचकर नामांकन पत्र लिया। वहीं एक नामांकन पत्र कांग्रेसी नेता मीरा कुमार के नाम से भी लिया गया है। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पहले से ही अध्यक्ष पद की दौड़ में हैं, जबकि शशि थरूर को भी इस दौड़ में शामिल बताया जा रहा है।