-विकसित दिल्ली, हरित दिल्ली के लिए एमसीडी को 11,266 करोड़ का प्रावधान
-दिल्ली में जल भराव रोकने के लिए खर्च किये जायेंगे 610 करोड़ रूपये
-10 वीं के मेधावी छात्रों को लेपटॉप व 9 वीं की छात्राओं को साईकिल देगी दिल्ली सरकार
-दिल्ली जल बोर्ड की दशा सुधारने को 9 हजार करोड़ रूपये देगी दिल्ली सरकार
एसएस ब्यूरो/ नई दिल्लीः 24 मार्च, 2026।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सरकार दिल्ली वालों के लिए मुफ्त बिजली और डीटीसी बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा को जारी रखेगी। रेखा गुप्ता ने मंगलवार को 1 लाख 3 हजार 700 करोड़ रूपये का बजट पेश किया। दिल्ली सरकार ने अपने बजट को ग्रीन बजट का नाम दिया है।
सीएम रेखा गुप्ता ने अपने बजट भाषण में घोषणा की कि दिल्ली सरकार के विद्यालयों में कक्षा 9 में पढ़ने वाली सभी लड़कियों को साइकिल दी जायेगी। इसके साथ ही 10 कक्षा के मेधावी छात्रों को लेपटॉप भी दिया जायेगा। विधायकों के लिए क्षेत्रीय विकास निधि में कुल 350 करोड़ रूपये की व्यवस्था की गई है, जिसमें से सभी विधायकों को 5 करोड़ रूपये का फंड दिया जायेगा।
सीएम रेखा गुप्ता ने विकसित दिल्ली-हरित दिल्ली के नाम पर दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के लिए कुल 11266 करोड़ रूपये देने का ऐलान किया है। दिल्ली जल बोर्ड की दशा सुधारने की दिशा में कदम बढ़ाते हुए रेखा गुप्ता सरकार ने बजट में 9000 करोड़ रूपये की व्यवस्था की है। वहीं मानसून के दिनों में सड़कों पर होने वाले जल भराव को रोकने के लिए 610 करोड़ रूपये की व्यवस्था की गई है।
मुफ्त बिजली और महिलाओं को बस यात्रा
सरकार ने मुफ्त बिजली योजना को जारी रखने का ऐलान किया है। इसके लिए बजट में 3,942 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, ताकि दिल्लीवासियों को 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित हो सके। वहीं, महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा योजना भी जारी रहेगी, जिसके लिए 450 करोड़ रुपये का प्रवधान किया गया है। इस योजना में पारदर्शिता लाने के लिए ‘पिंक सहेली कार्ड’ लागू किया जाएगा, और इसमें ट्रांसजेंडर समुदाय को भी शामिल किया गया है।
महिला समृद्धि योजना
महिला समृद्धि योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये देने के लिए बजट में 5,100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा झुग्गी बस्तियों और अटल कैंटीन के लिए 634 करोड़ रुपये तथा मुफ्त गैस सिलेंडर के लिए 260 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है। इससे पात्र महिलाओं को होली और दीपावली के अवसर पर मुफ्त गैस सिलेंडर दिये जायेंगे।
अपने बजट में से कुछ इस तरह से खर्च करेगी दिल्ली सरकार
शिक्षा- 19,326 करोड़
स्वास्थ्य- 13,034 करोड़
परिवहन- 12,613 करोड़
शहरी विकास- 11,572 करोड़
सामाजिक सुरक्षा- 10,537 करोड़
जल आपूर्ति व स्व्च्छता- 9,000 करोड़
सार्वजनिक ऋण- 4,254 करोड़
ऊर्जा- 3,938 करोड़
ब्याज भुगतान- 2,734 करोड़
कृषि व ग्रामीण विकास- 1,777 करोड़
अन्य- 14,915 करोड़


