-एमपी, राजस्थान, गुजरात में भी खुलता नहीं दिख रहा कांग्रेस का खाता
-इंडिया टीवी-सीएनएक्स के ओपिनियन पोल में सामने आया जनता का रूख
-200 में से 176 लोकसभा सीट्स पर बीजेपी आगे, कांग्रेस को 20 और अन्य को 4 सीट पर बढ़त
हीरेन्द्र सिंह राठौड़ / नई दिल्लीः 19 मार्च।
अयोध्या में श्री राम जी के मंदिर के उद्घाटन और सीएए (CAA) लागू होने के बाद आम लोगों के मन में बीजेपी (BJP) के प्रति तेजी से झुकाव बढ़ा है। खास बात है कि दिल्ली (Delhi) और हरियाणा (Haryana) की सभी लोकसभा सीटों पर भारतीय जनता पार्टी जीत हासिल करने जा रही है। यह खुलासा इंडिया टीवी-सीएक्सएन (CXN) के ओपिनियन पोल के नतीजों से हुआ है।
ओपिनियन पोल्स के मुताबिक दिल्ली में लोकसभा की 7 सीट हैं और इनमें से एक बार फिर सभी सीटों पर बीजेपी को जीत हासिल हो सकती है। इसी तरह हरियाणा में लोकसभा की 10 सीट हैं और यहां सभी लोकसभा सीट्स पर बीजेपी पूरी तरह से बढ़त बनाये हुए है। खास बात यह भी है कि दिल्ली और हरियाणा में आम आदमी पार्टी (AAP) और कांग्रेस (Congress) मिलकर शीट शेयरिंग के साथ चुनाव लड़ रही हैं। इसके बावजूद 2024 के लाकसभा चुनाव (Loksabha Elections- 2024) में इन दोनों राज्यों में कांग्रेस और आप को एक भी सीट पर बढ़त मिलती नजर नहीं आ रही है।
बता दें कि 2019 के लोकसभा चुनाव में भी बीजेपी ने हरियाणा की सभी 10 सीटों पर जीत हासिल की थी। दूसरी ओर दिल्ली में 2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने सभी सात सीटों पर जीत दर्ज की थी। जबकि 2019 के लोकसभा चुनाव में पूर्वी दिल्ली और उत्तर-पश्चिम दिल्ली सीट पर अपने उम्मीदवार भी बदले थे। इस बार बीजेपी ने अपने 7 में 6 उम्मीदवार बदल दिये हैं। केवल उत्तर-पूर्वी दिल्ली सीट से वर्तमान सांसद मनोज तिवारी को फिर से मैदान में उतारा गया है।
जबकि पूर्वी दिल्ली सीट पर वर्तमान सांसद गौतम गंभीर का टिकट काटकर पूर्व मेयर और प्रदेश महामंत्री हर्ष मलहोत्रा, उत्तर-पश्चिम लोकसभा सीट से वर्तमान सांसद हंसराज हंस का टिकट काटकर पूर्व मेयर एवं दूसरे प्रदेश महामंत्री योगेंद्र चंदोलिया, पश्चिमी दिल्ली सीट से दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री साहिब सिंह वर्मा के पुत्र प्रवेश वर्मा का टिकट काटकर पूर्व मेयर एवं तीसरी प्रदेश महामंत्री कमलजीत सहरावत, नई दिल्ली सीट से केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी का टिकट काटकर पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय सुषमा स्वराज की बेटी और प्रदेश मंत्री बांसुरी स्वराज, दक्षिणी दिल्ली लोकसभा सीट पर वर्तमान सांसद रमेश बिधूड़ी का टिकट काटकर विधान सभा में प्रतिपक्ष के नेता रामबीर सिंह बिधूड़ी और चांदनी चौक सीट पर पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ हर्ष वर्धन का टिकट काटकर व्यापारी नेता प्रवीण खंडेलवाल को चुनावी मैदान में उतारा है।
ओपिनियन पोल्स के मुताबिक मध्य प्रदेश, गुजरात और राजस्थान की जनता ने भी कांग्रेस को पूरी तरह से नकार दिया है। मध्य प्रदेश में 29 में से 29 लोकसभा सीट पर बीजेपी के उम्मीदवार जीत सकते हैं। गुजरात की 26 में से 26 लोकसभा सीट पर बीजेपी मजबूती के साथ कांग्रेस से बहुत आगे दिखाई दे रही है। इसी तरह राजस्थान में भी हाल ही में सत्ता से बाहर हुई कांग्रेस के हिस्से में 25 में से एक भी सीट आती दिखाई नहीं दे रही है। कर्नाटक में भी कांग्रेस अपनी प्रबल प्रतिद्वंदी बीजेपी के आसपास ठहरती दिखाई नहीं दे रही है। राज्य की 28 में से 22 लोकसभा सीट्स पर जीत हासिल करती दिखाई दे रही है और कांग्रेस केवल 4 सीटों पर ही अपना असर दिखा पा रही है। इस राज्य में 2 सीट जेडीएस के खाते में जाती दिखाई दे रही हैं।
ओपिनियन पोल्स में झारखंड में भी कांग्रेस अपना खोलती दिखाई नहीं दे रही है। यहां बीजेपी को 14 में से 12 लोकसभा सीट पर जीत मिलती दिखाई दे रही है। छत्तीसगढ़ में 11 में से 9 लोकसभा सीट पर बीजेपी आगे है। कांग्रेस केवल 2 लोकसभा सीट पर ही अपनी उपस्थिति दर्ज करा पा रही है। ओडिशा में 21 में से 10 लोकसभा सीट पर बीजेपी जीत दर्ज करती नजर आ रही है जबकि 11 सीट बीजू जनता दल को मिलेंगी। ऐसे में कांग्रेस यहा भी खाता खोलती नजर नहीं आ रही है। तेलंगाना की 17 में से 5 लोकसभा सीट्स पर जीत हासिल करती नजर आ रही है। यहां कांग्रेस 9 सीट पर मजबूती के साथ पक़ड़ बनाये हुए है। कांग्रेस को यहां 2019 के मुकाबले और बढ़त मिल सकती है।