BJP: तीनों महामंत्रियों की सीट पर खतरा, एक उपाध्यक्ष को मिल सकता है दोबारा मौका… मंगलवार को हो सकती है घोषणा!

-सोमवार को पूरे दिन होती रही दिल्ली बीजेपी की नई टीम की घोषणा होने की चर्चा
-बांसुरी स्वराज, योगेंद्र चंदोलिया, सुनील यादव, जय प्रकाश, अशोक गोयल को मिल सकती है महत्वपूर्ण जिम्मेदारी
-रविवार को राष्टीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने प्रदेश नेतृत्व को टीम में कुछ बदलाव के आदेश

हीरेन्द्र सिंह राठौड़/ नई दिल्लीः 31 जुलाई।
दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (BJP) की नई टीम की घोषणा पार्टी नेताओं का सिरदर्द और कार्यकर्ताओं के लिए जिज्ञासा का सबब बनी हुई है। सोमवार को पूरे दिन किसी भी समय नई टीम की घोषणा होने की चर्चा होती रही। बताया यह भी जा रहा है कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने रविवार को प्रदेश नेतृत्व को पदाधिकारियों की सूची में कुछ बदलाव के आदेश दिये थे। इसके बाद आज सोमवार को नई टीम की घोषणा की जानी थी। लेकिन संघ के वरिष्ठ अधिकारी रहे मदन दास देवी जी की श्रद्धांजलि सभा होने की वजह से दिन में घोषणा नहीं की जा सकी।
सूत्रों का कहना है कि पार्टी के तीनों प्रदेश महामंत्रियों का पत्ता साफ हो सकता है। जबकि पहले माना जा रहा था कि प्रदेश महामंत्री हर्ष मलहोत्रा को दोबारा यह जिम्मेदारी दी जा सकती है। वहीं वर्तमान महामंत्री दिनेश प्रताप सिंह और कुलजीत चहल के मामले में पहले से ही चर्चा थी कि उनकी जगह पर किसी और को जिम्मेदारी दी जा सकती है। दूसरी ओर स्वर्गीय सुषमा स्वराज की पुत्री बांसुरी स्वराज को दिल्ली बीजेपी की नई टीम में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी जा सकती है।
उनके अलावा पूर्व महापौर योगेंद्र चंदोलिया, पूर्व महापौर जय प्रकाश, सुनील यादव, वर्तमान उपाध्यक्ष अशोक गोयल को प्रदेश कार्यकारिणी में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी जा सकती है। बताया यह भी जा रहा है कि प्रदेश पदाधिकारियों में एक महिला को भी महामंत्री बनाया जा सकता है। सूत्रों के मुताबिक अब प्रदेश पदाधिकारियों, कार्यकारिणी और जिला अध्यक्षों की सूची एक साथ जारी की जायेगी।