AAP को बगावत का डरः खाली रहेगा एक मंत्री पद, चार मंत्रियों के साथ शपथ लेंगी आतिशी!

-लोकसभा चुनाव में मिली बढ़त तो अहलावत को दिया मंत्री बनने का मौका

एसएस ब्यूरो/ नई दिल्लीः 19 सितंबर।
दिल्ली नगर निगम (MCD) में आप पार्षदों की बगावत के बाद आम आदमी पार्टी (AAP) को दिल्ली सरकार में भी विधायकों (MLAs) की बगावत का डर सता रहा है। शायद इसीलिये आतिशी के कैबिनेट में फिलहाल 5 मंत्री होंगे। आतिशी 21 सितंबर को अपने 5 मंत्रियों के साथ शपथ लेंगी और एक मंत्री पद फिलहाल खाली रहेगा। आप ने गुरूवार को ऐलान कर दिया कि आतिशी के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के साथ ही उनके साथ गोपाल राय, सौरभ भारद्वाज, कैलाश गहलोत, इमरान हुस्सैन और मुकेश अहलावत शपथ लेंगे।
बताया जा रहा है कि आम आदमी पार्टी में मंत्री पद के लिए दावेदारी करने वालों में विशेष रवि, दुर्गेश पाठक, सोमनाथ भारती, संजीव झा और जरनैल सिंह प्रमुख दावेदार हैं। यह सभी विधायक पार्टी हाईकमान के करीबी माने जाते हैं। ऐसे में इनमें से किसी एक को बनाना आसान नहीं था। बताया यह भी जा रहा है कि पार्टी नेतृत्व को यह डर भी सता रहा है कि कहीं कोई विधायक नाराज हो गया तो पार्टी में बिघटन की स्थिति आ सकती है। ऐसे में आम आदमी पार्टी ने आतिशी कैबिनेट में एक पद रिक्त छोड़ सभी दावेदारों की दावेदारी को आगे के लिए भी बनाये रखा है। गौरतलब है कि दिल्ली विधानसभा में विधायकों की संख्या 70 है। अतः मुख्यमंत्री सहित यहां 7 विधायकों को मंत्री बनाया जा सकता है। 2015 और 2020 में अरविंद केजरीवाल ने ऐसा ही किया था। हालांकि उन्होंने अपने पास कोई विभाग नहीं रखा था।
अहलावत को लोकसभा चुनाव में मेहनत का इनाम!
आतिशी सरकार की कैबिनेट में इस बार एक नए चेहरे की एंट्री कराई जा रही है। वह नाम है मुकेश अहलावत का। बताया जा रहा है कि सुलतानपुर माजरा से विधायक अहलावत आतिशी कैबिनेट में दलित कोटे से शामिल किया गया है। इससे पहले कोंडली से विधायक कुलदीप कुमार इस कोटे से मंत्री पद की दौड़ मे सबसे आगे थे। इस बारे में आप हाईकमान से उनकी मुलाकात भी हुई थी, लेकिन आखिरी समय में बाजी अहलावत के हाथ लगी। बताया यह भी जा रहा है कि अहलावत के जरिए आप नॉर्थ-वेस्ट दिल्ली को साधना चाहती है।
कहा जा रहा है कि नॉर्थ वेस्ट दिल्ली का इलाका दलित बाहुल्य है। नॉर्थ-वेस्ट दिल्ली लोकसभा क्षेत्र में विधानसभा की कुल 10 सीटें हैं, जिसमें से 3 दलितों के लिए रिजर्व है। 2020 के चुनाव में 10 में से 9 सीटों पर आम आदमी पार्टी को जीत हासिल हुई थी। लेकिन 2024 के लोकसभा चुनाव में आप और कांग्रेस गठबंधन को यहां बड़ा झटका लगा था। गठबंधन उम्मीदवार यहां 10 में से 9 सीटें हार गये थे। लोकसभा चुनाव में जहां नॉर्थ-वेस्ट दिल्ली में आप और कांग्रेस की करारी हार हुई, वहीं उसे विधानसभा की 10 में से सिर्फ 1 सीट पर बढ़त हासिल हुई। जिस सीट पर बढ़त हासिल हुई, वो मुकेश अहलावत की सुलतानपुर माजरा ही है।
21 सिंतबर को शपथ के बाद बंटेंगे विभाग
आतिशी और पूरी कैबिनेट 21 सितंबर को शपथ ले सकती है। इस संबंध में उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने गृह मंत्रालय और राष्ट्रपति को पत्र भेजा है। आतिशी ने 17 सितंबर को सरकार बनाने का दावा पेश किया था। बताया जा रहा है कि शपथ ग्रहण के बाद नए मंत्रियों के विभाग बांटे जाएंग। विभागों के बंटवारे में सबसे ज्यादा नजर शिक्षा और वित्त पर रहेगी। केजरीवाल सरकार में यह दोनों विभाग पहले मनीष सिसोदिया और फिर आतिशी के मिले थे।