-पुलिस को की गई 18 साइट पर अवैध पार्किंग की शिकायत
-सिटी सदर-पहाड़गंज में 13 और करोलबाग में की गई 5 शिकायत
एसएस ब्यूरो/ नई दिल्ली
उत्तरी दिल्ली नगर निगम ने अपनी अधिकार क्षेत्र में आने वाली 67 पार्किंग को फिलहाल फ्री पार्किंग कर रखा है। इसका मतलब है कि इन पार्किंग स्थलों पर गाड़ी खड़ी करने के लिए आपको कोई शुल्क नहीं चुकाना है। लेकिन वास्तविकता यह है कि सभी पार्किंग स्थलों पर गाड़ी वालों से अवैध उगाही की जा रही है। इसको लेकर उत्तरी दिल्ली नगर निगम ने स्थानीय पुलिस थानों में शिकायतें भी की हैं।
यह भी पढ़ेंः- बीजेपी शासित निगम का कारनामाः 35 करोड़ में बेच डाली डेढ़ सौ करोड़ की संपत्ति
बता दें कि उत्तरी दिल्ली नगर निगम द्वारा अपने अधिकार क्षेत्र में कुल 133 अधिकृत पार्किंग स्थल हैं। इनमें से केवल 66 पार्किंग स्थल ही अधिकृत ठेकेदारों द्वारा चलाये जा रहे हैं। 67 पार्किंग स्थलों को नगर निगम ने तब तक के लिए निःशुल्क घोषित कर रखा है, जब तक कि उनकी ईटेंडरिंग नहीं कर दी जाती है। लेकिन पार्किंग माफिया ने इन मुफ्त वाली पार्किग स्थलों पर भी अपना कब्जा कर रखा है और मोटी उगाही की जा रही है। नगर निगम के लाभकारी परियोजना (आरपी सेल) और क्षेत्रीय अधिकारियों ने निगम के क्षेत्रों में अवैध/ अनधिकृत पार्किंग चलाने वालों के खिलाफ एक विशेष अभियान भी चलाया है। अभियान के दौरान देखा गया की कई अवैध पार्किंग निगम से बिना अनुमति लिए निजी व्यक्तियों द्वारा सड़कों, सार्वजनिक भूमि आदि पर संचालित की जा रही थीं और अवैध रूप से पार्किंग शुल्क लिया जा रहा था।
यह भी पढ़ेंः- सिविक सेंटर में सीबीआई का छापा… 2 लाख की रिश्वत लेते पकड़ा निगम अधिकारी
आरपी सेल के उपायुक्त राजेश गोयल ने बताया कि इस अभियान के दौरान उत्तरी दिल्ली नगर निगम ने अवैध पार्किंग चलाने और पार्किंग शुल्क वसूलने के लिए पार्किंग माफिया के खिलाफ विभिन्न पुलिस थानों में 18 से अधिक शिकायतें दर्ज कराई हैं। उत्तरी दिल्ली नगर निगम ने पुलिस अधिकारियों से एफआईआर दर्ज करने और पार्किंग माफिया के खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई करने को कहा है। उन्होंने बताया कि क्षेत्रीय पुलिस अधिकारियों को क्षेत्र में अवैध/अनधिकृत पार्किंग को रोकने के लिए निगरानी रखने के लिए भी कहा गया है। इसके तहत सिटी-सदर पहाडगंज़ क्षेत्र में 13 और करोलबाग क्षेत्र में 5 शिकायतें विभिन्न पुलिस थानों में दर्ज की गयी हैं।
राजेश गोयल ने बताया कि उत्तरी दिल्ली नगर निगम अवैध पार्किंग माफिया के खिलाफ इस तरह के विशेष अभियान में और तेजी लाने का फैसला किया है ताकि पूरे उत्तरी दिल्ली के क्षेत्र में यातायात और पैदल चलने वालों की सुचारू आवाजाही सुनिश्चित हो सके और निगम द्वारा पार्किंग स्थलों से राजस्व बढ़ाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।