कांग्रेस को झटकाः पार्षद गुड्डी देवी आम आदमी पार्टी में शामिल

-कांग्रेसी नेताओं पर लगाया खुद का ही दुश्मन होने का आरोप
-कांग्रेस में रूकने का नहीं रहा माहौलः गुड्डी देवी

एसएस ब्यूरो/ नई दिल्ली
उत्तरी दिल्ली की मलकागंज सीट से कांग्रेस की निगम पार्षद गुड्डी देवी जाटव ने बुधवार को आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया। उन्होंने कांग्रेसी नेताओं पर खुद का ही दुश्मन होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में अब ऐसा माहौल नहीं बचा है कि यहां कोई रूक सके। उन्होंने दावा किया कि आम आदमी पार्टी में रहकर वह अपने इलाके के लोगांं के ज्यादा काम करवा सकेंगी। गुड्डी देवी ने तिमारपुर से विधायक दिलीप पांडे और नगर निगम प्रभारी दुर्गेश पाठक की मौजूदगी में आप की सदस्यता ग्रहण की।

यह भी पढ़ें- मोदी सरकार का ‘जबरिया विकास’… पेट्रोल के दाम 100 रुपये के पार

बता दें कि दिल्ली में कांग्रेस की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। अब तक कई कांग्रेसी नेता पार्टी छोड़कर आम आदमी पार्टी में जा चुके हैं। मंगलवार को पूर्वी दिल्ली की सीमापुरी सीट से एलजेपी-बीजेपी की टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ चुके संत लाल चावरिया ने भी बीजेपी छोड़कर आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया था। बता दें कि गुड्डी देवी ने पिछले दिनों कांग्रेस पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। इसके बावजूद प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व उन्हें मना नहीं पाया था।

यह भी पढ़ें- निगम उपचुनावः कांग्रेस ने पेट्रोल, डीजल व रसोई गैस के बढ़े दामों को बनाया मुद्दा

आम आदमी पार्टी के लिए यह इसलिए भी महत्वपूर्ण है कि, दिल्ली में नगर निगम की पांच सीटों पर उपचुनाव हो रहा है। इनमें उत्तरी दिल्ली की दो और पूर्वी दिल्ली की 3 सीट शामिल हैं। इन सीटों पर 28 फरवरी को वोट डाले जाएंगें। ऐसे में दूसरे दलों के नेताओं द्वारा अपनी पार्टी छोड़कर लगातार आम आदमी पार्टी का रूख करने से दिल्ली में आप मजबूती की ओर बढ़ रही है। इस मौके पर आप नेता दुर्गेश पाठक ने कहा कि गुड्डी देवी के आप में आने से तिमारपुर विधानसभा क्षेत्र के साथ उत्तरी निगम में भी आम आदमी पार्टी की स्थिति मजबूत होगी।