-बीजेपी ने की प्रभारियों की नई सूची जारी, राधा मोहन सिंह को मिली उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी
-श्याम जाजू व अनिल जैन नहीं मिली जिम्मेदारी, आशीष सूद बनाए जम्मू-कश्मीर के सह प्रभारी
हीरेन्द्र सिंह राठौड़/ नई दिल्ली
दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी को नया प्रभारी मिल गया है। करीब डेढ़ साल पहले बीजेपी में आए बैजयंत पांडा को प्रभारी के रूप में दिल्ली की कमान सोंपी गई है। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शुक्रवार को पार्टी के नवनियुक्त पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारी सौंप दी। उन्होंने महासचिव कैलाश विजयवर्गीय पर भरोसा जताते हुए फिर से पश्चिम बंगाल का प्रभारी बनाया है। वहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री राधा मोहन सिंह को उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी सोंपी गई है। खास बात है कि दिल्ली से आने वाले पूर्व महामंत्री अनिल जैन और पूर्व उपाध्यक्ष श्याम जाजू को इस बार भी कोई जिम्मेदारी नहीं सोंपी गई है। जबकि दिल्ली प्रदेश बीजेपी के पूर्व महामंत्री आशीष सूद को जम्मू-कश्मीर का सह प्रभारी नियुक्त किया गया है।
यह भी पढ़ें- जानें, सूर्य खोलेंगे 4 राशियों के लिए खजाने का दरवाजा, गुरू दिलाएंगे किसे तरक्की?
जारी की गई सूची के मुताबिक बीजेपी ने आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और फिल्म कलाकार एनटी रामाराव की बेटी डी पुरंदेश्वरी को छत्तीसगढ़ का प्रदेश प्रभारी बनाया है। बता दें कि डी पुरंदेश्वरी को दक्षिण भारत की सुषमा स्वराज कहा जाता है और वह दक्षिण भारत में काफी लोकप्रिय नेता मानी जाती हैं। इसके अलावा यह भी कहा जाता है कि उन्हें 5 भाषाओं का ज्ञान है। डी पुरंदेश्वरी को हिंदी, अंग्रेजी, तेलुगु के साथ-साथ तमिल और फ्रेंच भाषाओं की जानकारी है।
यह भी पढ़ें- बिहारः मंत्री बनने के लिए पटना से दिल्ली तक लॉबिंग तेज, ये हैं संभावित मंत्रियों के नाम
पुरंदेश्वरी ने विशाखापट्टनम से जीत हासिल कर 15वीं लोकसभा में चुनकर आई थीं। इससे पहले उन्होंने चौदहवीं लोकसभा में बापट्ला सीट से चुनाव जीता था। बीजेपी से पहले डी पुरंदेश्वरी कांग्रेस पार्टी की सरकार में एचआरडी मंत्री रह चुकी हैं। 2014 के लोकसभा चुनाव में वह बीजेपी में शामिल हो गई थीं। आपको बता दें कि डी. पुरंदेश्वरी एनटी रामाराव के 8बेटे और 4 बेटियों में से एक हैं।
मार्च 2019 में बीजेपी में आए हैं बीजेडी से सस्पेंड बैजयंत पांडा
बैजयंत पांडा बीजू जनता दल में रहते हुए साल 2000 से 2009 तक राज्यसभा सांसद रह चुके हैं। इसके साथ ही पांडा 15वी और 16वीं लोकसभा के लिए उड़ीसा की केंद्रपाड़ा सीट से लोकसभा सांसद चुनकर आ चुके हैं। फिलहाल वह संसद के किसी भी सदन के सदस्य नहीं हैं। बताया जा रहा है कि दक्षिण भारत में पार्टी के विस्तार के नाम पर उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का इनाम दिया जा रहा है।