बीजेपी नेता ने जड़ा आप कार्यकर्ता को थप्पड़

-किराड़ी विधानसभा क्षेत्र में मेयर जय प्रकाश के दौरे का मामला
-दौरे का विरोध करने गए आप कार्यकर्ता पर चला थप्पड़

टीम एटूजैड/ नई दिल्ली
दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी में एक बार फिर थप्पड़ चला, लेकिन इस बार थप्पड़ का शिकार कोई पार्टी का नेता नहीं बल्कि आम आदमी पार्टी का कार्यकर्ता हुआ है। मामला शनिवार को उत्तरी दिल्ली के महापौर जय प्रकाश के किराड़ी विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान सामने आया। यहां बीजेपी और आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। मामला इतना आगे बढ़ा कि बीजेपी निगम पार्षद और महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष पूनम पाराशर ने आप कार्यकर्ता को थप्पड़ जड़ दिया।

यह भी पढ़ेंः- AYODHYA: राम मंदिर निर्माण का हिस्सा होंगे तीन लाख गांवों के 10 करोड़ परिवार

दरअसल मानसून की बारिश की वजह से किराड़ी विधानसभा क्षेत्र के बहुत से इलाकों में पानी भरा हुआ है। यह जलभराव हर साल होता है लेकिन काम करने वाली ज्यादा एजेंसियां होने की वजह से हर साल लोगों को इस समस्या का सामना करना पड़ता है। महापौर जय प्रकाश ने शनिवार को किराड़ी विधानसभा क्षेत्र का दौरा रखा था।
बताया जा रहा है कि इस दौरे में शामिल होने के लिए महापौर जय प्रकाश ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और स्थानीय आप विधायक को भी आमंत्रण दिया था।

यह भी पढ़ेंः- दिल्ली बीजेपी पूर्वांचल मोर्चाः ज्यादातर पदाधिकारी कर रहे अध्यक्ष पद की दावेदारी

लेकिन मुख्यमंत्री या विधायक में से कोई भी नहीं पहुंचा। जब माहापौर और स्थानीय निगम पार्षद पूनम पाराशर झा बीजेपी के अन्य कार्यकर्ताओं व संबंधित अधिकारियों के साथ इलाके दौरा कर रहे थे। तभी आम आदमी पार्टी के कुछ कार्यकर्ताओं ने ‘पूनम पाराशर मुर्दाबाद’ के नारे लगाने शुरू कर दिए। मामला इतना आगे बढ़ा कि पूनम पराशर ने आम आदमी पार्टी के एक कार्यकर्ता को थप्पड़ जड़ दिया। हालांकि मामला तुरंत संभाल लिया गया और आप कार्यकर्ता भी शांत हो गए।
गालियां दे रहे थे विधायक के गुर्गे
पूनम पाराशर का आरोप है कि इलाके में भारी जल भराव है लेकिन मल्टीपल एजेंसियों की वजह से लोगों को सहूलियत नहीं मिल पा रही है। इसके चलते महापौर ने मुख्यमंत्री और स्थानीय विधायक को दौरे में साथ रहने के लिए बुलाया था। लेकिन एमएलए ने खुद न आकर विरोध करने के लिए अपने गुर्गे भेज दिए थे। वह लोग बहुत ज्यादा बदतमीजी कर रहे थे और गालियां दे रहे थे। उनके साथ आई महिलाओं के हाथों में पत्थर थे। इसलिए यह घटना हुई।