कोर्ट के फैसले के बाद BJP पार्षद ने ली शपथ, AAP ने लगाया जल्दबाजी का आरोप

-बीजेपी को डर था, कहीं 26 नवंबर को हाईकोर्ट निचली आदलत के फैसले को पलट न देः अंकुश नारंग

एसएस ब्यूरो/ नई दिल्लीः 23 नवंबर।
दिल्ली नगर निगम के सदन की विशेष बैठक में सोमवार को वार्ड संख्या 166 (पुष्प विहार) के नवनिर्वाचित निगम पार्षद नरेश को शपथ दिलाई गई। जिला एवं सत्र न्यायाधीश (दक्षिण जिला) द्वारा चुनाव याचिका संख्या 2/2022 (नरेश बनाम राज्य चुनाव आयोग व अन्य) पर दिनांक 18 नवंबर, 2026 को दिए गए निर्णय के अनुपालन में राज्य चुनाव आयुक्त द्वारा 20 नवंबर, 2026 को निर्वाचन प्रमाण पत्र जारी किया गया था। दूसरी ओर दिल्ली नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष औ आम आदमी पार्टी के पार्षद अंकुश नारंग ने इस पर आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि मामला हाई कोर्ट में विचाराधीन है और बीजेपी को डर था कि होई कोर्ट निचली अदालत के फैसले को पलट सकता है, जिसकी वजह से जल्दबाजी में ये शपथ गृहण कराई गई है।
शपथ गृहण के मौके पर विशेष सदन की बैठक में दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही, पार्षदगण और निगम आयुक्त संजीव खिरवार सहित वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे। हालांकि यह बैठक केवल साढ़े चार मिनट ही चली।
18 नवंबर को जिला एवं सत्र न्यायालय (दक्षिण जिला) ने अपने निर्णय में आप के पूर्व पार्षद अरुण नावरिया के चुनाव को रद्द कर दिया था और उनके स्थान पर बीजेपी के नरेश को वार्ड संख्या-166 से निर्वाचित घोषित किया था। इसके बाद महापौर प्रवेश वाही के आदेशानुसार दिल्ली नगर निगम की सदन की विशेष बैठक में नवनिर्वाचित पार्षद को शपथ दिलाई गई।
मात्र 4ः30 मिनट में सदन को खत्म, बीजेपी ने दिल्लीवालों के लाखों रुपए फूंकेः AAP
एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने कहा कि भाजपा सत्ता की लोभी है। उसने हाईकोर्ट के आदेश का इंतजार किए बिना ही अपने पार्षद को शपथ दिला दी। जबकि पहले विजयी घोषित ‘‘आप’’ पार्षद अरुण नवारिया का मामला अभी हाईकोर्ट में लंबित है। भाजपा को डर था कि कहीं 26 नवंबर को हाईकोर्ट निचली आदलत के फैसले को पलट न दे। उन्होंने कहा कि जब भाजपा ने तत्काल सदन बुला ही दिया था तो जनहित के मुद्दे पर चर्चा क्यों नहीं की? मात्र 4ः30 मिनट में सदन को खत्म कर भाजपा ने जनता का लाखों रुपए क्यों बर्बाद किए?
अंकुश नारंग ने कहा कि भाजपा ने सोमवार को सुबह 10 बजे एमसीडी का तत्काल सदन बुलाया और महज 4ः30 मिनट में ही बैठक खत्म कर दी। मीटिंग सुबह 10 बजे शुरू हुई और 10 बज कर 5 मिनट पर सदन को खत्म कर दिया गया। इस सदन के अंदर पुष्प विहार वार्ड 166 से आम आदमी पार्टी से अरुण नावरिया पार्षद चुने गए थे। उनकी जगह पर नरेश को पार्षद की गोपनीयता की शपथ दिलाई गई और भाजपा ने अपना पार्षद विजयी घोषित कर दिया। जबकि यह केस अभी भी हाईकोर्ट के अंदर है और स्टे के लिए आदेश सुरक्षित है।
अंकुश नारंग ने कहा कि 26 नवंबर को कोर्ट का आदेश आ सकता है। 27 नवंबर को एमसीडी का समान्य सदन भी होने वाला है। अगर कोर्ट स्टे नहीं देता तो नरेश को उस सदन में भी शपथ दिलाई जा सकती थी। लेकिन भाजपा ने तत्काल सदन बुलाकर शपथ दिलाकर 5 मिनट में सदन खत्म कर दिया। भाजपा से सवाल है कि जनता के टैक्स के पैसे से एमसीडी का सदन बुलाया गया और महज पांच मिनट ही चला। इसमें सारे अधिकारी भी आए। इसमें खर्च हुआ पैसा जनता का था। जब 27 नवंबर को समान्य सदन था तो सरकार इस पैसे को क्यों बर्बाद किया।