महिला टीम ने मलेशिया को 73-13 से रौंदा, पुरुष टीम ने इंग्लैंड को 46-26 से हराया
विजय कुमार/ अहमदाबाद, 24 अक्टूबर।
भारत ने अहमदाबाद के वीर सावरकर स्टेडियम में कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप में शानदार आगाज किया। भारतीय महिला टीम ने मलेशिया को 73-13 से करारी शिकस्त दी, जबकि पुरुष टीम ने इंग्लैंड को 46-26 से हराकर अपने अभियान की विजयी शुरुआत की।
भारतीय महिला टीम ने मुकाबले की शुरुआत से ही अपना दबदबा कायम रखा। भारत ने जल्द ही 20-3 की बढ़त बना ली और मध्यांतर तक स्कोर 30-11 कर दिया। कप्तान निधि शर्मा के नेतृत्व में भारतीय खिलाड़ियों ने रेडिंग और डिफेंस, दोनों विभागों में बेहतरीन प्रदर्शन किया। निधि ने आठ रेड अंक जुटाए।


