-शिक्षा समिति की बैठक में नामांकन, खेल, सफाई, सुरक्षा और स्कूलों के रखरखाव को लेकर लिये महत्वपूर्ण निर्णय
एसएस ब्यरो/नई दिल्ली, 21 सितंबर 2026।
दिल्ली नगर निगम ने एक माह में 50 हजार बच्चों के पंजीकरण का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके पीछे निगम विद्यालयों में बच्चों की संख्या बढ़ाने के साथ उनकी शिक्षा और स्वास्थ्य पर विशेष बल देने की मंशा है। निगम विद्यालयों में बच्चों के नामांकन, शिक्षा के साथ उनके शारीरिक एवं खेल विकास, सफाई, सुरक्षा, रखरखाव तथा विद्यालयों की मूलभूत सुविधाओं से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को लेकर सोमवार को निगम शिक्षा समिति की एक बैठक योगेश वर्मा की अध्यक्षता में आयोजि की गई।
योगेश वर्मा ने सभी डिप्टी डायरेक्टर एजुकेशन से उनके अधीन आने वाले विद्यालयों में वर्तमान नामांकन की जानकारी ली। उन्होंने निगम विद्यालयों में बच्चों की संख्या बढ़ाने के लिए एक माह के भीतर 50,000 बच्चों के नामांकन का लक्ष्य निर्धारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए केवल विद्यालय स्तर पर प्रयास पर्याप्त नहीं होंगे, बल्कि सभी शिक्षक, अभिभावक, स्थानीय स्तर के स्टार पैरेंट्स एवं एनजीओ को साथ लेकर क्षेत्र में जाकर अभिभावकों और बच्चों को निगम विद्यालयों में प्रवेश के लिए प्रेरित किया जाए।
योगेश वर्मा ने कहा कि जो शिक्षक 75 नए बच्चों का नामांकन करवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे, उन्हें निगम शिक्षक अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। शिक्षा निदेशक को निर्देश दिए कि निगम विद्यालयों में सफाई कर्मचारियों और चैकीदारों की भारी कमी को दूर करने के लिए आवश्यक प्रक्रिया को तेज किया जाए। उन्होंने लगभग 3,000 पदों पर भर्ती के लिए फाइल तैयार कर तेजी से कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बैठक में निगम विद्यालयों के पार्कों और हरित क्षेत्रों की देखभाल का विषय भी उठाया गया। योगेश वर्मा ने अधिकारियों से प्रत्येक विद्यालय के पार्क एवं खुले क्षेत्र के क्षेत्रफल की जानकारी मांगी, ताकि आवश्यकता के अनुसार विद्यालयों में माली उपलब्ध कराने-नियुक्त करने की व्यवस्था की जा सके और स्कूल परिसरों की हरियाली एवं साफ-सफाई बेहतर हो।


