-‘आप’ नेता केजरीवाल एवं सौरभ भारद्वाज अविलम्ब दयानंद चंदेला को करें पार्टी से बर्खास्तः प्रवीण शंकर कपूर
एसएस ब्यूरो/ नई दिल्ली 21 सितम्बर।
आम आदमी पार्टी के पूर्व विधायक दयानंद चंदीला का सरकारी भवन पर अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। जब सरकारी मशीनरी डूसुब विभाग की सरकारी चैपाल पर पूर्व विधायक का कब्जा हटाने गई तो उन्होंने डंडे से मारपीट कर दी। यहां तक चंदीला ने अपने सारे कपड़े उतार दिये और नंगे हो गये। भारतीय जनता पार्टी ने दयानंद चंदीला के इस कृत्य को भारतीय राजनीति को शर्मशार करने वाला बताया है।
दिल्ली भाजपा प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने आम आदमी पार्टी के नेता एवं पूर्व विधायक दयानंद चंदेला द्वारा दिल्ली सरकार के डयूसिब विभाग की जमीन एवं भवन पर वर्षों से जमाये कब्जे को बचाने के लिए किये अशिष्ट एवं अभद्र व्यवहार की कड़ी निंदा की है और मांग की है ‘आप’ नेता अरविंद केजरीवाल एवं सौरभ भारद्वाज उनको तुरंत पार्टी से बाहर का रास्ता दिखायें।
दिल्ली भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि राजौरी गार्डन विधानसभा एवं खयाला क्षेत्र का चंदेला परिवार ने लम्बे समय तक जनप्रतिनिधित्व किया है और इस दौरान इस क्षेत्र में इनकी काफी सम्पति भी बढ़ी बताई जाती है। चंदेला परिवार के विधायक काल में खयाला कब्रिस्तान के पास स्थित डयूसिब विभाग की भूमि पर बाढ़ एवं सिंचाई विभाग द्वारा चैपाल का निर्माण हुआ और अपने परिवार के जनप्रतिनिधित्व काल का लाभ उठाते हुए पूर्व विधायक दयानंद चंदेला ने इस सरकारी चैपाल पर अपना कब्जा जमा लिया।
हाल ही में दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य विभाग ने इस क्षेत्र में आयुष्मान अरोग्य मंदिर खोलने के लिए सरकारी सम्पति ढूंढनी शुरू की तो खयाला की यह डयूसिब विभाग की भूमी पर बनी चैपाल चिन्हित हुई पर पूर्व विधायक चंदेला ने इसका विरोध शुरू कर दिया। वहां एक हलवाई कारखाना चलता भी पाया गया। स्वामित्व की लम्बी पुष्टि के बाद सोमवार को डयूसिब विभाग एवं दिल्ली पुलिस का दल जब खयाला स्थित इस चैपाल का कब्जा लेने पहुंचे तो पूर्व विधायक चंदेला ने अंदर से गेट पर ताला लगा लिया और जब सरकारी दल ने गेट काटने की कोशिश की तो उन पर अंदर से डंडे से हमला किया।
जब डंडे से हमले के बाद भी सरकारी दल ने कार्रवाई जारी रखी तो पूर्व विधायक दयानंद चंदेला निर्वस्त्र हो गये और उनकी सरकारी सम्पति पर कब्जा करने की इच्छा जगजाहिर हो गई। प्रवीण शंकर कपूर ने कहा कि जिस तरह पूर्व विधायक दयानंद चंदेला ने डयूसिब विभाग की चैपाल पर कब्जा करने के लिए मारपीट की और निर्वस्त्र हुए उसने दिल्ली की पूरी राजनीतिक बिरादरी को शर्मसार किया है और अब उन पर कानूनी कार्रवाई आवश्यक है। प्रवीण शंकर कपूर ने कहा कि राजौरी गार्डन की गार्डन की जनता चाहती है कि आम आदमी पार्टी अविलम्ब दयानंद चंदेला एवं उनके परिवार को पार्टी से बर्खास्त करे और उन पर ड्युसूब विभाग चैपाल भवन पर कब्जा करने के लिए कानूनी कार्रवाई हो।


