पार्षद विजय को बचाने में जुटे केजरीवाल और सौरभ भारद्वाज, सफाई कर्मचारी आत्महत्या मामले में कार्रवाई से भाग रही AAP: कपूर

-विजय कुमार ने इस्तीफा नहीं दिया तो 20 सितम्बर को आप कार्यालय पर रोष प्रदर्शन करेगी बीजेपीः प्रवीण शंकर

एसएस ब्यूरो/नई दिल्ली, 18 सितम्बर।
दिल्ली भाजपा के मीडिया प्रमुख एवं प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने शुक्रवा को जारी बयान में कहा है कि निगम सफाई कर्मचारी दीपक की आत्महत्या से जुड़े गंभीर मामले में आम आदमी पार्टी के निगम पार्षद विजय कुमार पर लगाए गए आरोपों को लेकर दिल्ली की जनता जवाब चाहती है। आदमी पार्टी नेतृत्व ने अब तक अपने निगम पार्षद के विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं की है। इससे यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि आखिर विजय कुमार को किसके संरक्षण में बचाया जा रहा है। एक कर्मचारी के परिवार के सामने खड़े इस गंभीर भावनात्मक एवं आर्थिक संकट के बावजूद आम आदमी पार्टी की चुप्पी अत्यंत चिंताजनक है।
उन्होंने कहा कि 19 सितम्बर को त्रिलोकपुरी के स्थानीय निगम पार्षद विजय कुमार के कार्यालय के बाहर भाजपा महिला मोर्चा की महिलाएं विरोध प्रदर्शन करेंगी और उनके इस्तीफे की मांग करेंगी। यह प्रदर्शन केवल एक पार्षद के विरुद्ध नहीं, बल्कि उस राजनीतिक चुप्पी के खिलाफ है जिसमें गंभीर आरोपों का सामना कर रहे अपने नेता को जवाबदेही से बचाने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रवीण शंकर कपूर ने कहा कि यदि पार्षद विजय कुमार शनिवार तक इस्तीफा नहीं देते हैं और आम आदमी पार्टी उनके विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं करती है तो 20 सितम्बर को दिल्ली भाजपा आम आदमी पार्टी के फिरोजशाह रोड़ स्थित कार्यालय के बाहर रोष प्रदर्शन करेगी। इस प्रदर्शन के माध्यम से आम आदमी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से सीधे सवाल किया जाएगा कि विजय कुमार पर कार्रवाई क्यों नहीं की गई और उनका इस्तीफा अब तक क्यों नहीं लिया गया ?