-आगे भी जारी रहेगा सफाई कर्मियों को पक्का करने का अभियानः संदीप कपूर
एसएस ब्यूरो/ नई दिल्लीः 15 सितंबर।
दिल्ली नगर निगम में सफाई कर्मियों की नौकरी को पक्का करने का काम जारी है। दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने मंगलवार को बताया कि दिल्ली नगर निगम में वर्षों से अपनी सेवाएं दे रहे 296 दैनिक वेतनभोगी सफाई कर्मचारियों को नियमित कर दिया है। महापौर ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए सभी संबंधित कर्मचारियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि दिल्ली की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने में सफाई कर्मचारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। ये कर्मचारी कठिन परिस्थितियों में भी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ दिल्ली को स्वच्छ रखने में अपना योगदान देते हैं। निगम प्रशासन द्वारा जोनल स्क्रीनिंग कमेटियों की संस्तुतियों तथा संबंधित अधिकारियों की अनुशंसा के आधार पर कुल 296 सफाई कर्मचारियों के नियमितीकरण का निर्णय लिया गया है। इनमें 01 अप्रैल 1998 से 31 मार्च 2000 के बीच सामान्य रूप से कार्यरत 160 दैनिक वेतनभोगी सफाई कर्मचारियों को 01 अप्रैल 2006 से तथा 01 अप्रैल 2000 से 31 मार्च 2002 के बीच कार्यरत 136 दैनिक वेतनभोगी सफाई कर्मचारियों को 01 अप्रैल 2008 से नियमितीकरण का लाभ प्रदान किया गया है।


पर्यावरण प्रबंधन सेवाएं समिति के अध्यक्ष संदीप कपूर ने कहा कि दिल्ली नगर निगम सफाई कर्मचारियों के हितों के लिए प्रतिबद्ध है और उनके कल्याण के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। पिछली सरकारों ने केवल आश्वासन देने का कार्य किया मगर निगम में भाजपा सरकार कर्मचारियों से किए गए सभी वादों को पूरा कर रही है। सफाई कर्मियों को पक्का करने का अभियान आगे भी जारी रहेगा।


