-“हमें दबाव को प्रदर्शन में, प्रतिद्वंद्वी को अवसर में और अवसर को उपलब्धि में बदलना होगा”: डॉ. मनसुख मांडविया
-2023 के एशियाई खेलों में भारत में 107 पदक जीते थे
विजय कुमार/ नई दिल्ली, 8 सितंबर।
भारतीय ओलंपिक संघ ने मंगलवार को एशियन गेम्स 2026 के लिए भारत के दल के सम्मान में विशेष विदाई समारोह आयोजित किया। भारतीय खिलाड़ी 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक जापान के ऐची-नागोया में आयोजित होने वाले इस महाद्वीपीय खेल महाकुंभ में देश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
समारोह में खिलाड़ी, कोच, सपोर्ट स्टाफ, गणमान्य व्यक्ति और साझेदार शामिल हुए। टीम इंडिया एशियन गेम्स अभियान के लिए रवाना होने की तैयारी में है । इस अवसर पर केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया, भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष डॉ. पी.टी. उषा, खिलाड़ियों, कोचों, सपोर्ट स्टाफ और साझेदारों के साथ मौजूद रहे।
खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा, “इस देश में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। दिन-ब-दिन और साल-दर-साल हम आगे बढ़ रहे हैं। हमें दबाव को प्रदर्शन में, प्रतिद्वंद्वी को अवसर में और अवसर को उपलब्धि में बदलना होगा। मुझे पूरा विश्वास है कि हमारा दल एशियन गेम्स में शानदार प्रदर्शन करेगा और देश का गौरव बढ़ाएगा।”
भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष डॉ. पी.टी. उषा ने कहा, ऐसा प्रदर्शन करें कि यह अवसर आपको याद रखे। खुद को देखें और याद करें कि आप कितनी दूर तक पहुंचे हैं। आपने एशिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के बीच अपनी जगह अर्जित की है। उम्मीदों का बोझ अपने साथ मत लेकर जाएं, बल्कि उनकी ताकत को अपने साथ लेकर जाएं। मैदान पर उतरें, प्रतियोगिता का आनंद लें और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें।
विदाई समारोह का प्रमुख आकर्षण एक पैनल चर्चा रही, जिसमें ओलंपिक पदक विजेता स्वप्निल कुसाले, राष्ट्रमंडल खेलों की स्वर्ण पदक विजेता अस्मिता डे, राष्ट्रमंडल खेलों की पदक विजेता एवं भारोत्तोलक ज्ञानेश्वरी यादव तथा कबड्डी स्टार पवन सहरावत ने हिस्सा लिया।
एशियन गेम्स में भाग लेने को लेकर जूडो स्टार अस्मिता ने कहा, “एशियन गेम्स बहुत कठिन होते हैं। जूडो की शुरुआत जापान से ही हुई है और मेरी भार श्रेणी में जूडो के कई दिग्गज खिलाड़ी हैं। इनमें दुनिया की रैंकिंग में 7वें, 8वें और 14वें स्थान पर रहने वाले खिलाड़ी भी शामिल हैं। इस पदक को जीतने के लिए मुझे पहले से कहीं अधिक कड़ी तैयारी करनी होगी और उनमें से हर एक को हराने के लिए पूरी तरह तैयार रहना होगा।
2023 एशियन गेम्स में भारत के ऐतिहासिक प्रदर्शन के बाद यह अभियान और भी महत्वपूर्ण हो गया है। 2023 में भारत ने कुल 107 पदक जीते थे। भारतीय ओलंपिक संघ और युवा मामले एवं खेल मंत्रालय ने विश्वास जताया है कि इस बार का भारतीय दल पूरी तरह तैयार है और देश के उस गौरवशाली प्रदर्शन को आगे बढ़ाते हुए नए पदक जीतकर देश का मान बढ़ाएगा।


