वर्षा से बाधित मैच में दक्षिण दिल्ली सुपरस्टार्ज ने सेंट्रल दिल्ली क्वींस को 11 रन से हराया

-महिला प्रीमियर लीग में भारी उलटफेर जारी

एसएस ब्यूरो / नई दिल्ली, 24 अगस्त।
दक्षिण दिल्ली सुपरस्टार्ज ने सोमवार को अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली प्रीमियर लीग  के महिला मुकाबले में शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए सेंट्रल दिल्ली क्वींस को 11 रन से हरा दिया।
बारिश के कारण मुकाबला आठ-आठ ओवर का कर दिया गया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण दिल्ली सुपरस्टार्ज ने छह विकेट पर 68 रन बनाए। कप्तान श्वेता सहरावत ने 21 गेंदों पर 26 रन की संयमित पारी खेली, जिसमें तीन चौके शामिल थे। उन्होंने पारी को संभालते हुए मध्य ओवरों में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
प्रिया पूनिया ने चार गेंदों पर दो चौकों की मदद से नौ रन बनाकर टीम को तेज शुरुआत दिलाई, लेकिन सुमिति सोनी ने उन्हें आउट कर दिया। इसके बाद तनीषा सिंह ने 13 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 19 रन बनाकर टीम के स्कोर को गति दी। उन्हें मेधावी बिधूड़ी ने पवेलियन भेजा।
अंतिम ओवरों में दक्षिण दिल्ली ने लगातार विकेट गंवाए, लेकिन अनन्या पाहुजा पांच रन बनाकर नाबाद रहीं, जबकि दिशा नागर ने तीन गेंदों पर चार रन बनाए। सेंट्रल दिल्ली की ओर से सुमिति सोनी और मेधावी बिधूड़ी ने दो-दो विकेट लिए।
69 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सेंट्रल दिल्ली क्वींस की शुरुआत बेहद खराब रही। सांची पहली ही गेंद पर स्टंप आउट होकर बिना खाता खोले पवेलियन लौट गईं। इसके बाद दीक्षा शर्मा ने 16 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 22 रन बनाकर पारी को संभालने की कोशिश की। हालांकि, छठे ओवर में 41 रन के स्कोर पर रन आउट होने के बाद सेंट्रल दिल्ली की मुश्किलें बढ़ गईं।
अरुशी गोयल ने 12 गेंदों पर 14 रन और मोनिका ने छह गेंदों पर नौ रन बनाए, लेकिन दोनों के आउट होने के बाद सेंट्रल दिल्ली की पारी की रफ्तार पूरी तरह धीमी पड़ गई। रिया कोंडल एक रन बनाकर नाबाद रहीं, जबकि कप्तान सोनी यादव दो रन पर नाबाद रहीं। सेंट्रल दिल्ली क्वींस आठ ओवर में पांच विकेट पर 57 रन ही बना सकी।
दक्षिण दिल्ली की ओर से रूपाली विश्व मोहन, दिशा नागर और एकता भदाना ने एक-एक विकेट लिया। गेंदबाजों की अनुशासित गेंदबाजी और शानदार क्षेत्ररक्षण ने सेंट्रल दिल्ली को कभी भी लक्ष्य के करीब पहुंचने का मौका नहीं दिया। इस तरह दक्षिण दिल्ली सुपरस्टार्ज ने 11 रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया।