‘पौधारोपण का 58 प्रतिशल लक्ष्य हासिलः लगभग 40.49 लाख पौधे लगा चुकी सरकार’

-हरियाली उत्सव के अवसर पर केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चैहान ने दिल्ली रिज के पीबीजी ग्राउंड में पौधारोपण किया

-दिल्ली के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह और मनजिंदर सिंह सिरसा रहे उपस्थित

एसएस ब्यूरो/ नई दिल्ली, 12 अगस्त।
हरियाली उत्सव के अवसर पर बुधवार को दिल्ली रिज स्थित पीबीजी ग्राउंड, सेंट्रल रिज में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री, भारत सरकार, शिवराज सिंह चैहान तथा दिल्ली सरकार के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा और प्रवेश साहिब सिंह की उपस्थिति रही। मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि दिल्ली सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान से प्रेरित ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत दिल्ली के मेगा पौधरोपण अभियान 2026 में 70 लाख पौधों के लक्ष्य के मुकाबले अब तक लगभग 40.49 लाख पौधे लगाए हैं। इसके साथ ही दिल्ली ने पौधरोपण लक्ष्य का लगभग 58 प्रतिशत हासिल कर लिया है।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चैहान ने कहा कि 70 लाख पौधारोपण का लक्ष्य इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि इसे जनता की सक्रिय भागीदारी से हासिल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी ऐसे अभियानों में लोगों के भीतर स्वामित्व की भावना पैदा करती है और इन्हें दीर्घकालिक एवं टिकाऊ बनाती है। दिल्ली सरकार द्वारा पौधों की जियो-टैगिंग करने तथा पौधारोपण करने वाले लोगों को पेड़ के आकार, आयु और विकास से संबंधित नियमित जानकारी उपलब्ध कराने की पहल एक उत्कृष्ट अभियान है। इससे यह सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी कि पौधे केवल रोपित ही न जाएं, बल्कि जीवित रहें और स्वस्थ पेड़ों के रूप में विकसित हों।