भारतीय सब-जूनियर पुरुष हॉकी टीम ने पाकिस्तान रोंदकर किया स्वर्ण पदक पर कब्जा

-हॉकी इंडिया ने की पुरुष और महिला टीम के खिलाड़ियों एवं सहयोगी स्टाफ के लिए नकद पुरस्कारों की घोषणा

एसएस ब्यूरो/ मस्कट (ओमान), 26 जुलाई।
भारतीय सब-जूनियर पुरुष हॉकी टीम ने एफआईएच यूथ हॉकी 5 ए एशियाई चैंपियनशिप 2026 के स्वर्ण पदक मुकाबले में चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 3-1 से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। भारत की ओर से रोमित पाल (5वें मिनट), कप्तान केतन कुशवाहा (12वें मिनट) और शाहरुख अली (13वें मिनट) ने गोल दागे। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने पूरे टूर्नामेंट में अपराजित रहते हुए एशियाई चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। भारत ने एलीट पूल तालिका में भी शीर्ष स्थान पर रहते हुए फाइनल में प्रवेश किया था।
फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने शुरुआत से ही तेज पासिंग और अनुशासित खेल के दम पर नियंत्रण बनाए रखा। पहले हाफ के पांचवें मिनट में रोमित पाल ने पाकिस्तान के गोलकीपर को छकाते हुए शानदार गोल कर भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई, जो हाफ टाइम तक कायम रही।
दूसरे हाफ की शुरुआत में भारत ने अपना दबदबा और बढ़ाया। 12वें मिनट में कप्तान केतन कुशवाहा ने गोल कर बढ़त को 2-0 किया, जबकि इसके तुरंत बाद 13वें मिनट में शाहरुख अली ने तीसरा गोल दागकर स्कोर 3-0 कर दिया। पाकिस्तान की ओर से 16वें मिनट में मोहम्मद उस्मान ने एक गोल जरूर किया, लेकिन भारतीय रक्षा पंक्ति ने अंतिम क्षणों तक शानदार प्रदर्शन करते हुए 3-1 की जीत सुनिश्चित की और ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
फाइनल में पहुंचने के साथ ही भारत और पाकिस्तान दोनों ने उद्घाटन एफआईएच यूथ हॉकी5े विश्व कप के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है। महिला वर्ग में भारतीय सब-जूनियर महिला हॉकी टीम ने फाइनल में चीन के खिलाफ कड़ा मुकाबला खेलते हुए रजत पदक जीता। इस तरह भारत की पुरुष और महिला दोनों टीमें पदक जीतकर स्वदेश लौटेंगी।
दोनों टीमों के शानदार प्रदर्शन का सम्मान करते हुए हॉकी इंडिया ने नकद पुरस्कारों की घोषणा की है। स्वर्ण पदक विजेता भारतीय पुरुष टीम के प्रत्येक खिलाड़ी को ₹2 लाख, जबकि सहयोगी स्टाफ के प्रत्येक सदस्य को ₹1 लाख दिए जाएंगे।
वहीं, रजत पदक विजेता भारतीय महिला टीम की प्रत्येक खिलाड़ी को ₹1 लाख तथा सहयोगी स्टाफ के प्रत्येक सदस्य को ₹50,000 की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।