-नए मुख्य कोच फ्रेडरिक सोएज के नेतृत्व में भारतीय टीम ऑस्ट्रिया, बेल्जियम, जर्मनी और नीदरलैंड्स के खिलाफ खेलेगी छह मुकाबले
-7 जुलाई से 17 जुलाई तक होगा प्रतियोगिता का आयोजन
विजय कुमार/ नई दिल्ली, 25 जून।
भारतीय जूनियर (अंडर-21) पुरुष हॉकी टीम जुलाई में बेल्जियम के एक्सपोजर दौरे पर जाएगी, जहां वह ऑस्ट्रिया, बेल्जियम, जर्मनी और नीदरलैंड्स के खिलाफ छह उच्चस्तरीय मुकाबले खेलेगी। यह दौरा इस वर्ष होने वाले जूनियर एशिया कप की तैयारियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। टीम हाल ही में नियुक्त मुख्य कोच फ्रेडरिक के मार्गदर्शन में इस दौरे पर उतरेगी।
इस दौरे में भारत ऑस्ट्रिया और बेल्जियम के खिलाफ दो-दो मैच खेलेगा, जबकि जर्मनी और नीदरलैंड्स के खिलाफ एक-एक मुकाबला खेलेगा। 7 से 17 जुलाई 2026 तक होने वाले इन छह मैचों में से पांच मुकाबले बेल्जियम में खेले जाएंगे, जबकि दौरे का अंतिम मैच नीदरलैंड्स के खिलाफ एंटवर्प स्थित ‘हाॅकी सेंटर आॅफ एक्सीलेंस’ में आयोजित होगा।
भारत अपने अभियान की शुरुआत 7 जुलाई को ऑस्ट्रिया के खिलाफ करेगा। इसके बाद 8 जुलाई को फिर ऑस्ट्रिया से भिड़ेगा। 10 जुलाई को मेजबान बेल्जियम के खिलाफ मुकाबला होगा, जबकि 13 जुलाई को जर्मनी और 14 जुलाई को एक बार फिर बेल्जियम से सामना होगा। दौरे का अंतिम मैच 17 जुलाई को नीदरलैंड्स के खिलाफ खेला जाएगा।
यह दौरा भारतीय जूनियर टीम के लिए यूरोप की मजबूत हॉकी टीमों के खिलाफ अपनी क्षमता परखने का शानदार अवसर होगा। विभिन्न परिस्थितियों और अलग-अलग खेल शैलियों के विरुद्ध खेलने से खिलाड़ियों को महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय अनुभव मिलेगा, जो आगामी प्रतियोगिताओं में उनके लिए उपयोगी साबित होगा।
दौरे से पहले मुख्य कोच फ्रेडरिक सोएज ने कहा, “मैं इस समूह के साथ अपने पहले दौरे को लेकर बेहद उत्साहित हूं। यह खिलाड़ियों को बेहतर ढंग से समझने, नए माहौल में उनके साथ काम करने और हमारी खेल परियोजना की नींव रखने का शानदार अवसर है। ऐसे दौरे टीम में सामंजस्य बढ़ाने, साझा समझ विकसित करने और एक मजबूत टीम पहचान बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।”
उन्होंने आगे कहा, “ये मुकाबले इसलिए भी महत्वपूर्ण हैं क्योंकि वे हमें उन परिस्थितियों के करीब ले जाएंगे जिनका सामना बड़ी प्रतियोगिताओं में करना पड़ता है। इससे हमें अपने प्रदर्शन स्तर का आकलन करने, दबाव में अपनी रणनीति लागू करने और मजबूत प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ अपनी प्रतिक्रिया को परखने का अवसर मिलेगा।”


