-भारत ने कुल पांच पदक किए अपने नाम
विजय कुमार/ नई दिल्ली 20 जून।
नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया मैं कहा कि हमें घोषणा करते हुए खुशी हो रही है जर्मनी के सुहल में आयोजित आईएसएसएफ जूनियर विश्व चैम्पियनशिप 2026 के दूसरे दिन भारतीय निशानेबाजों ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए देश की झोली में पांच और पदक डाले।
भारत के समीर ने पुरुष जूनियर 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल स्पर्धा में फाइनल में संयमित प्रदर्शन करते हुए 28 हिट्स के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
पुरुष जूनियर 50 मीटर राइफल 3 पोजीशंस स्पर्धा में रोहित कन्यान ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता और भारत के अभियान को और मजबूती प्रदान की।
भारत को एक रजत पदक प्राची गायकवाड़ के रूप में मिला, जिन्होंने महिला जूनियर 50 मीटर राइफल 3 पोजीशंस स्पर्धा में 354.7 के स्कोर के साथ दूसरा स्थान हासिल किया।
टीम स्पर्धाओं में भी भारतीय निशानेबाजों का दमदार प्रदर्शन जारी रहा। पुरुष जूनियर 50 मीटर राइफल 3 पोजीशंस टीम स्पर्धा में रोहित कन्यान, वेदांत नितिन वाघमारे और हितेश श्रीनिवासन की तिकड़ी ने कांस्य पदक जीतकर भारत को पोडियम पर स्थान दिलाया।
इसके अलावा पुरुष जूनियर 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल टीम स्पर्धा में समीर, अभिनव चौधरी और साहिल चौधरी ने कांस्य पदक जीतकर भारत की पदक संख्या में इजाफा किया।
दूसरे दिन कुल पांच पदक जीतने के साथ भारत ने चैम्पियनशिप में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा है। दो दिनों की प्रतियोगिता के बाद भारतीय दल के खाते में अब कुल आठ पदक (4 स्वर्ण, 1 रजत और 3 कांस्य) हो चुके हैं।
पदक तालिका में शीर्ष स्थान पर कायम भारतीय दल ने व्यक्तिगत और टीम दोनों स्पर्धाओं में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता में शानदार शुरुआत का परिचय दिया है।


