-बाकू (अजरबैजान) में 27 जुलाई से 2 अगस्त तक होगा प्रतियोगिता का आयोजन
विजय कुमार/ नई दिल्ली, 15 जून।
भारतीय कुश्ती महासंघ ने 27 जुलाई से 2 अगस्त 2026 तक बाकू, अजरबैजान में आयोजित होने वाली अंडर-17 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप के लिए सोमवार को भारतीय टीम की घोषणा कर दी। सोनीपत और लखनऊ में तीनों विधाओं में आयोजित राष्ट्रीय चयन ट्रायल्स के बाद अंतिम टीम का चयन किया गया, जिसमें देश के सर्वश्रेष्ठ युवा पहलवानों ने अपनी जगह पक्की की।
भारतीय दल पिछले दो वर्षों के शानदार प्रदर्शन के दम पर इस प्रतियोगिता में उतरेगा। विशेष रूप से महिला टीम ने पिछले दो संस्करणों में विश्व स्तर पर अपना दबदबा कायम रखते हुए टीम खिताब जीता है।
कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने टीम चयन पर कहा, कि ‘इन ट्रायल्स ने भारतीय जूनियर कुश्ती की गहराई और प्रतिभा को प्रदर्शित किया है। निष्पक्ष और कड़े चयन प्रक्रिया के माध्यम से हमने देश के सर्वश्रेष्ठ युवा पहलवानों का चयन किया है। मुझे विश्वास है कि यह टीम बाकू में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर भारत का नाम रोशन करेगी।’
महिला वर्ग में हरियाणा की पहलवानों का दबदबा देखने को मिला, जिन्होंने 10 में से 6 भार वर्गों में शीर्ष स्थान हासिल किया। 43 किलोग्राम में दीक्षा और 73 किलोग्राम में गरिमा ने प्रभावशाली प्रदर्शन किया। दिल्ली की कामना बबाल (49 किग्रा) और अक्षरा (53 किग्रा) ने भी विश्व चैंपियनशिप के लिए अपनी जगह बनाई।
पुरुष फ्रीस्टाइल वर्ग में हरियाणा के सतिंदर (60 किग्रा) और आरुष राणा (110 किग्रा) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चयन सुनिश्चित किया। उत्तर प्रदेश के आर्यन (48 किग्रा) और दीपांशु खोखर (80 किग्रा) ने भी अपने-अपने वर्गों में जीत दर्ज की।
ग्रीको-रोमन वर्ग में महाराष्ट्र के पहलवानों ने सबसे अधिक प्रभाव छोड़ा और पांच भार वर्गों में शीर्ष स्थान हासिल किया। इनमें सचिन शिरोले (45 किग्रा) और राजवर्धन पाटिल (92 किग्रा) प्रमुख रहे।
साल 2024 में अम्मान में भारतीय महिला टीम ने 185 अंकों के साथ पहली बार विश्व टीम खिताब जीतकर इतिहास रचा था। इसके बाद 2025 में एथेंस में भी टीम ने अपना खिताब बरकरार रखा। अब 2026 में भारतीय टीम लगातार तीसरी बार चैंपियन ट्रॉफी जीतने के लक्ष्य के साथ बाकू जाएगी।
अंडर-17 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप 2026 के लिए भारतीय टीमः
महिला कुश्तीः
36-40 किग्राः रोहिणी खानू देवबा (महाराष्ट्र), 43 किग्राः दीक्षा (हरियाणा), 46 किग्राः संध्या (राजस्थान), 49 किग्राः कामना बबाल (दिल्ली), 53 किग्राः अक्षरा (दिल्ली), 57 किग्राः निकिता सहरावत (हरियाणा), 61 किग्राः अवंशिका (हरियाणा), 65 किग्राः अंतरा (हरियाणा), 69 किग्राः तनिया (हरियाणा), 73 किग्राः गरिमा (हरियाणा)
पुरुष फ्रीस्टाइलः
45 किग्राः हनुमंत राजेंद्र (महाराष्ट्र), 48 किग्राः आर्यन (उत्तर प्रदेश), 51 किग्राः गोविंद (दिल्ली), 55 किग्राः प्रथ्मेश (एस एस सी), 60 किग्राः सतिंदर (हरियाणा), 65 किग्राः कृष्ण (हरियाणा), 71 किग्राः अनुज (हरियाणा), 80 किग्राः दीपांशु खोखर (उत्तर प्रदेश), 92 किग्राः सक्षम (हरियाणा), 110 किग्राः आरुष राणा (हरियाणा),
ग्रीको-रोमन (GR):
45 किग्राः सचिन शिरोले (महाराष्ट्र), 48 किग्राः अविनाश चेतक (महाराष्ट्र), 51 किग्राः धीरज धापले (महाराष्ट्र), 55 किग्राः हरिओम (उत्तर प्रदेश), 60 किग्राः दर्पण चैधरी (महाराष्ट्र), 65 किग्राः कुणाल डागर (दिल्ली), 71 किग्राः प्रणाम सिंह (पंजाब), 80 किग्राः सूरज शर्मा (उत्तर प्रदेश), 92 किग्राः राजवर्धन पाटिल (महाराष्ट्र), 110 किग्राः हर्ष दलाल (हरियाणा)।
भारतीय टीम से इस बार भी विश्व मंच पर मजबूत प्रदर्शन की उम्मीद है, जबकि महिला टीम लगातार तीसरी बार टीम चैंपियन बनने के लक्ष्य के साथ प्रतियोगिता में उतरेगी।


