DDCA हॉट वेदर टूर्नामेंट 2026 में दिखेंगे प्रियंश आर्य व हिम्मत सिंह जैसे कई सितारे

-इस वर्ष 36 टीमें नॉकआउट प्रारूप में हिस्सा लेंगी

एसएस ब्यूरो/ नई दिल्ली, 9 जून।
दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ  ने मंगलवार को राजधानी के सबसे प्रतिष्ठित और ऐतिहासिक क्रिकेट आयोजनों में से एक हॉट वेदर टूर्नामेंट 2026 का आधिकारिक उद्घाटन किया। दशकों से दिल्ली के क्रिकेट कैलेंडर का अहम हिस्सा रहे इस टूर्नामेंट ने कई पीढ़ियों के क्रिकेटरों को अपनी प्रतिभा साबित करने का मंच दिया है। इस वर्ष 36 टीमें नॉकआउट प्रारूप में हिस्सा लेंगी, जबकि पुरस्कार राशि में 10 प्रतिशत की वृद्धि खिलाड़ियों और क्लबों के लिए अतिरिक्त आकर्षण का केंद्र होगी।
इस टूर्नामेंट में आईपीएल स्टार  दिल्ली के घरेलू क्रिकेट और दिल्ली प्रीमियर लीग से जुड़े कई स्थापित और उभरते खिलाड़ी भाग लेने वाले हैं। डीडीसीए अध्यक्ष रोहण जेटली  ने  एपेक्स काउंसिल, लीग समिति के अधिकारियों, क्लब प्रतिनिधियों और खिलाड़ियों की मौजूदगी में टूर्नामेंट का उद्घाटन किया।
रोहन जेटली ने कहा, “हॉट वेदर टूर्नामेंट दिल्ली क्रिकेट के इतिहास में एक विशेष स्थान रखता है। दशकों से यह प्रतियोगिता शहर की सर्वश्रेष्ठ प्रतिभाओं को एक मंच पर लाती रही है और हमारे घरेलू क्रिकेट कैलेंडर की सबसे प्रतिस्पर्धी प्रतियोगिताओं में से एक बनी हुई है। ऐसी प्रतियोगिताएं क्लब क्रिकेट को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं, जो दिल्ली क्रिकेट की नींव है। मैं सभी भाग लेने वाली टीमों और खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देता हूं और उम्मीद करता हूं कि यह संस्करण भी बेहद प्रतिस्पर्धी और रोमांचक होगा।”
सचिव अशोक शर्मा ने कहा, “हॉट वेदर टूर्नामेंट डी डी सी ए का सबसे पुराना टूर्नामेंट है और मैंने पिछले 50 वर्षों में इसकी यात्रा को करीब से देखा है। दिल्ली के हर दौर के क्रिकेटरों का सपना इस प्रतियोगिता में खेलना और अच्छा प्रदर्शन करना रहा है।
उन्होंने आगे कहा, “क्लब दिल्ली क्रिकेट की रीढ़ हैं और जमीनी स्तर पर सौ से अधिक क्लबों की मेहनत ही ऐसी प्रतियोगिताओं को सफल बनाती है। दिल्ली की भीषण गर्मी में क्रिकेट खेलना आसान नहीं होता, लेकिन यही इस टूर्नामेंट की खासियत है। यह खिलाड़ियों के कौशल, धैर्य और चरित्र की परीक्षा लेता है। यह प्रतियोगिता दिल्ली और एनसीआर के विभिन्न मैदानों पर आयोजित की जाएगी। चैंपियन बनने के लिए टीमों को पूरे टूर्नामेंट में हर मैच जीतना होगा क्योंकि प्रतियोगिता पूर्णतः नॉकआउट प्रारूप में खेली जाएगी।