-कालिका पीठाधीश्वर महंत सुरेन्द्रनाथ अवधूत के सान्निध्य में सम्पन्न हुआ आयोजन
एसएस ब्यूरो/ नई दिल्ली, 5 जून।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिवस के अवसर पर नई दिल्ली स्थित स्वयंभू महाकालेश्वर मंदिर, डेरा जोगियन, कालकाजी मंदिर परिसर में भगवान महादेव का भव्य रुद्राभिषेक एवं विशेष पूजन-अर्चन सम्पन्न हुआ।
यह धार्मिक आयोजन कालिका पीठाधीश्वर महंत सुरेन्द्रनाथ अवधूत के सान्निध्य में सम्पन्न हुआ, जिसमें विद्वान ब्राह्मणों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान शिव का रुद्राभिषेक किया गया। इस अवसर पर योगी आदित्यनाथ महाराज के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं राष्ट्रहित में उनके निरंतर सफल नेतृत्व की कामना की गई। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया तथा पूजन उपरांत फल प्रसाद एवं 55 किलो लड्डुओं के प्रसाद का वितरण किया गया।
इस अवसर पर महंत सुरेन्द्रनाथ अवधूत ने कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास, सुशासन और सांस्कृतिक पुनर्जागरण का नया केंद्र बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि आज देश-विदेश के बड़े उद्योगपति उत्तर प्रदेश में निवेश कर रहे हैं, जिससे रोजगार और आर्थिक विकास के नए अवसर उत्पन्न हो रहे हैं। कानून व्यवस्था की मजबूती, महिला सशक्तिकरण, धार्मिक स्थलों के विकास तथा बुनियादी सुविधाओं के विस्तार ने उत्तर प्रदेश को “उत्तम प्रदेश” बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उन्होंने कहा की आज योगी आदित्यनाथ को देशभर में व्यापक जनसमर्थन प्राप्त है। उनके जन्मदिवस के अवसर पर विश्व हिन्दू महासंघ द्वारा पूरे भारतवर्ष में विभिन्न धार्मिक, सामाजिक एवं सेवा कार्यों का आयोजन किया जा रहा है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित श्रद्धालुओं एवं संगठन के पदाधिकारियों ने योगी आदित्यनाथ के स्वस्थ, दीर्घ एवं यशस्वी जीवन की मंगलकामना करते हुए राष्ट्र और समाज की उन्नति के लिए प्रार्थना की।


