महिला क्रिकेटरों की टी-20 क्रिकेट शुरू, पिच पर उद्घाटन के दौरान फोटो खिंचवाने पहुंचे 50 से अधिक एपेक्स काउंसिल सदस्य व अन्य

-60 टीमों की करीब 700 महिला खिलाडी करेंगी हिस्सेदारी

विजय कुमार/ नई दिल्ली, 5 जून।
दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) ने शुक्रवार को मॉडर्न स्कूल, बाराखंबा रोड में डीडीसीए महिला टी-20 लीग के दूसरे संस्करण का औपचारिक उद्घाटन किया। मगर मैदान पर यह लग ही नहीं रहा था कि यहां किसी टीम का मुकाबला होना है। जिस पिच पर कप्तान और टॉस कराने वाले पदाधिकारी को जाना चाहिए, वहां डीडीसीए के करीब 50 से अधिक अधिकारी फोटो सेशन में पहुंच गए, वह भी पिच के ऊपर। इस दौरान रोहन जेटली ने एक गेंद खेलकर उद्घाटन की औपचारिकता पूरी की, मगर वहां उनके चमचों की भीड़ देखकर यह समझना होगा कि आने वाले दिनों में चुनाव का आगाज शुरू हो गया है।
इस दूसरे सीजन में पिछले वर्ष की 42 टीमों की संख्या बढ़कर 60 हो गई है, जिसमें करीब 700 से अधिक महिला खिलाड़ी विभिन्न क्लबों से चुनौती पेश करेंगी। यह प्रतियोगिता दिल्ली की उभरती हुई महिला क्रिकेट प्रतिभाओं को एक मंच प्रदान करती है। इसमें कई ऐसी खिलाड़ी भी भाग ले रही हैं जिन्होंने विभिन्न स्तरों पर दिल्ली का प्रतिनिधित्व किया है। यह टूर्नामेंट राज्य में महिला क्रिकेट की विकास प्रक्रिया का एक महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है।
इस मौके पर एपेक्स काउंसिल के सदस्यों को अपने सचिव अशोक शर्मा से नियमों को लेकर भिड़ते हुए भी देखा गया। ऐसे में वहां उपस्थित काउंसिल सदस्यों ने विरोध जताते हुए कहा कि नियम टूर्नामेंट शुरू होने से पूर्व बैठक में बनाए जाने चाहिए थे। मगर एपेक्स काउंसिल की बैठक तो हुई, लेकिन चाय-पानी के उपरांत यहां कुछ नहीं हुआ। इसी का परिणाम है कि नियमों को लेकर मैदान पर ही देर तक चर्चा होती दिखाई दी। इसके अलावा दबे मुंह कॉम्प्लीमेंट्री पासों को लेकर दिल्ली पुलिस की कार्रवाई पर भी लोग आपस में बात करते दिखाई दिए।
इस अवसर पर डीडीसीए अध्यक्ष रोहन जेटली ने कहा कि पिछले एक वर्ष में महिला टी-20 लीग को जिस तरह का समर्थन मिला है, वह बेहद उत्साहजनक है। हमने इस टूर्नामेंट की शुरुआत युवा लड़कियों को प्रतिस्पर्धी क्रिकेट खेलने के अधिक अवसर देने के उद्देश्य से की थी और यह देखकर खुशी होती है कि दूसरे ही संस्करण में टीमों की संख्या 42 से बढ़कर 60 हो गई है। हमारा लक्ष्य महिला क्रिकेटरों के लिए पूरे वर्ष अवसर उपलब्ध कराना, क्लब क्रिकेट से उच्च स्तर तक पहुंचने का मार्ग मजबूत करना और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को वह मंच देना है जिसकी वे हकदार हैं। मैं सभी भाग लेने वाली टीमों और खिलाड़ियों को टूर्नामेंट के लिए शुभकामनाएं देता हूं।
डीडीसीए की उपाध्यक्ष शिखा कुमार ने कहा, “इस वर्ष प्रतियोगिता में इतनी बड़ी संख्या में लड़कियों की भागीदारी देखना बेहद सुखद है। 700 से अधिक खिलाड़ी इस संस्करण में खेलेंगी, जो दिल्ली में महिला क्रिकेट की बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाता है। खिलाड़ियों के पास अपनी प्रतिभा दिखाने और पहचान बनाने का शानदार अवसर है। भविष्य में उनमें से कई को बड़े अवसर मिलेंगे और ऐसे टूर्नामेंट उनकी यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव हैं।” इस दौरान बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष सीके खन्ना, निदेशक मनजीत, पूर्व क्रिकेटर विजय बहादुर मिश्रा, मोहन चतुर्वेदी, कोच फूलचंद, अमित शर्मा आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।