-टीम इंडिया का जोरदार प्रदर्शन
एसएस ब्यूरो/ नई दिल्ली-काकामिगाहारा (जापान), 1 जून।
भारतीय पुरुष अंडर-18 हॉकी टीम ने सोमवार को काकामिगाहारा में खेले गए पुरुष अंडर-18 एशिया कप 2026 के पूल-ए मुकाबले में कोरिया पर 4-1 की शानदार जीत दर्ज की। भारत की ओर से कप्तान केतन कुशवाहा ने दो गोल (3वें और 36वें मिनट) किए, जबकि वरिंदर सिंह (5वें मिनट) और शाहरुख अली (54वें मिनट) ने एक-एक गोल दागा। कोरिया के लिए कप्तान यून जेह्योक ने 21वें मिनट में एकमात्र गोल किया।
भारत ने मैच की शुरुआत आक्रामक अंदाज में की और पहले ही क्वार्टर में दो गोल की बढ़त बना ली। तीसरे मिनट में मिले पहले पेनल्टी कॉर्नर पर राहुल यादव के सटीक पास के बाद कप्तान केतन कुशवाहा ने शुरुआती प्रयास बचाए जाने के बावजूद रीबाउंड पर गेंद को गोल में पहुंचाकर भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई।
इसके दो मिनट बाद ही भारत ने बढ़त दोगुनी कर दी। गाज़ी खान ने शानदार विजन का प्रदर्शन करते हुए गोलपोस्ट के पास बिना मार्किंग के खड़े वरिंदर सिंह को पास दिया, जिन्होंने शांतचित्त होकर गेंद को गोल में पहुंचाया। इसके बाद कोरिया ने खेल की गति को धीमा कर वापसी की कोशिश की और पहले क्वार्टर के शेष समय में भारत को कोई बड़ा मौका नहीं दिया।
दूसरे क्वार्टर में दोनों टीमों ने तेज़ हॉकी खेली, लेकिन सर्कल के अंदर ज्यादा अवसर नहीं बन सके। 21वें मिनट में कोरिया को पेनल्टी कॉर्नर मिला, जिसे कप्तान यून जेह्योक ने सफलतापूर्वक गोल में बदलकर स्कोर 2-1 कर दिया।
तीसरे क्वार्टर में भारत ने फिर दबदबा बनाया। 36वें मिनट में मिले पेनल्टी कॉर्नर पर कोरियाई डिफेंस ने शुरुआती प्रयास को रोक लिया, लेकिन गेंद को पूरी तरह क्लियर नहीं कर सके। इसका फायदा उठाते हुए केतन कुशवाहा ने अपना दूसरा गोल दागकर भारत को 3-1 की बढ़त दिलाई। तीसरे क्वार्टर के अंत में दोनों टीमों को पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन कोई भी टीम उन्हें गोल में तब्दील नहीं कर सकी।
53वें मिनट में कोरिया के किम दोयुन ने शानदार डिफ्लेक्शन के जरिए गोल करने की कोशिश की, लेकिन भारतीय गोलकीपर आयुष राजाक ने बेहतरीन स्टिक-सेव कर टीम को बढ़त बनाए रखने में मदद की। अगले ही मिनट भारत ने पलटवार करते हुए चौथा गोल दाग दिया। शाहरुख अली ने जोरदार शॉट लगाकर गेंद को बोर्ड से टकराया और भारत की 4-1 की जीत सुनिश्चित कर दी। इस जीत के साथ भारत, कोरिया और जापान के बराबर छह अंक हो गए हैं। दोनों पूलों से शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में प्रवेश करेंगी।


