-आप को नहीं अपने पार्षदों पर भरोसा, बिखरने के डर से नहीं लड़ रही मेयर चुनावः नाजिया दानिश
एसएस ब्यूरो/ नई दिल्लीः 22 अप्रैल।
दिल्ली में मेयर चुनाव को लेकर सियासी पारा उफान पर है। आप ने बिखराव के डर से मेयर चुनाव से हाथ खड़े कर दिये हैं तो कांग्रेस ने मेयर चुनाव में हिस्सेदारी का ऐलान कर दिया है। एमसीडी में कांग्रेस पार्षद दल की नेता नाजिया दानिश ने बुधवार को कहा कि कांग्रेस एमसीडी में स्वस्थ चुनाव की परंपरा को पूरी ईमानदारी से निभायेगी। मेयर एवं डिप्टी मेयर पद के उम्मीदवारों का ऐलान गुरूवार को किया जायेगा और नामांकन पत्र दाखिल कर दिये जायेंगे।
नाजिया दानिश ने कहा कि एमसीडी में कांग्रेस पार्षदों की संख्या भले ही कम है, परंतु पार्टी के नेताओं के हौसले कम नहीं हैं। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी को अपने पार्षदों पर भरोसा नहीं है और पार्टी में टूट के डर से आप ने मेयर चुनाव से हाथ खड़े कर दिये हैं। लेकिन कांग्रेस अपने हौसलों के दम पर मेयर चुनाव में बीजेपी को कड़ी टक्कर देने को तैयार है।


