किराडी में कूड़ा डालने के AAP के आरोप निराधार! प्रोसेस्ड इनर्ट मिट्टी का हो रहा वैध उपयोगः महापौर

-आवश्यक अनुमतियां लेने के बाद ही प्रोसेस्ड इनर्ट मिट्टी का उपयोग लो-लाइंग एरिया को भरने के लिए किया जा रहाः प्रवेश वाही
-आम आदमी पार्टी के विधायक केवल झूठ फैलाकर सुर्खियां बटोरना चाहते हैंः स्थायी समिति अध्यक्ष सुश्री सत्या शर्मा

एसएस ब्यूरो/ नई दिल्लीः 03 फरवरी, 2026।
दिल्ली के महापौर सरदार राजा इकबाल सिंह ने मंगलवार को प्रेस वार्ता में आम आदमी पार्टी द्वारा किराडी क्षेत्र में कूड़ा डाले जाने को लेकर फैलाए जा रहे झूठे आरोपों का कड़ा खंडन किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि किराडी क्षेत्र में भलस्वा का कूड़ा नहीं बल्कि प्रोसेस्ड इनर्ट मिट्टी का उपयोग भूमि समतलीकरण एवं लो-लाइंग एरिया को भरने के लिए किया जा रहा है, जो पूरी तरह वैध एवं अनुमत प्रक्रिया है।
महापौर ने कहा कि आम आदमी पार्टी द्वारा लगाए जा रहे आरोप जनता को गुमराह करने की साजिश के अलावा कुछ नहीं हैं। उन्होंने बताया कि भलस्वा से निकलने वाली प्रोसेस्ड इनर्ट मिट्टी का उपयोग पहले भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा किया जाता था और अब डीडीए की अनुमति के पश्चात कंसेशनर द्वारा भूमि समतलीकरण एवं लो-लाइंग क्षेत्रों को भरने के लिए किया जा रहा है। प्रेस वार्ता में स्थायी समिति अध्यक्ष सुश्री सत्या शर्मा एवं नेता सदन श्री प्रवेश वाही भी उपस्थित थे।
महापौर सरदार राजा इकबाल सिंह ने कहा कि किराडी क्षेत्र के आम आदमी पार्टी विधायक ने अपने कार्यकाल में क्षेत्र के विकास के लिए कोई ठोस कार्य नहीं किया है। टूटी सड़कों, गंदगी और बुनियादी सुविधाओं की कमी उनकी विफलता को उजागर करती है। अपनी इन्हीं कमियों को छिपाने के लिए वे अब झूठ और भ्रम फैलाने का सहारा ले रहे हैं।
उन्होंने कहा कि किराडी के विधायक नहीं चाहते कि क्षेत्र का विकास हो और नागरिकों को गुमराह करने के लिए निराधार बातें फैलाई जा रही हैं, जिसकी हम कठोर शब्दों में निंदा करते हैं। महापौर ने आम आदमी पार्टी से सवाल किया कि वे बताएं कि पिछले 10 वर्षों में उन्होंने नागरिकों के विकास के लिए क्या कार्य किए। झूठ फैलाने से कुछ हासिल नहीं होगा क्योंकि जनता आम आदमी पार्टी के 10 वर्षों के कुशासन को भली-भांति जानती है। उन्होंने यह भी कहा कि वे स्वयं किराडी जाकर आम आदमी पार्टी द्वारा फैलाए जा रहे झूठ का पर्दाफाश करेंगे।
महापौर ने आगे कहा कि स्थायी समिति अध्यक्ष द्वारा प्रस्तुत बजट पर नेता विपक्ष एक भी सार्थक सुझाव देने में विफल रहे और केवल शेरो-शायरी तक सीमित रहे। विपक्ष द्वारा बजट पर कोई सवाल न उठाना हमारी उपलब्धि है।
नेता सदन प्रवेश वाही ने कहा कि सभी आवश्यक अनुमतियां लेने के बाद ही प्रोसेस्ड इनर्ट मिट्टी का उपयोग लो-लाइंग एरिया को भरने के लिए किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी कुछ स्थानों पर मलबा दिखाकर झूठ फैलाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुश्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार अच्छा कार्य कर रही है, जो आम आदमी पार्टी को रास नहीं आ रहा, इसी कारण वे बार-बार झूठ फैलाते हैं।
स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने कहा कि किराडी क्षेत्र की खराब स्थिति के लिए वहां के विधायक पूरी तरह जिम्मेदार हैं। उन्होंने न तो नालियों का निर्माण कराया और न ही कोई विकास कार्य किया। लो-लाइंग क्षेत्रों को भरने के लिए इनर्ट मिट्टी का उपयोग पहले भी होता रहा है, लेकिन आम आदमी पार्टी के विधायक केवल झूठ फैलाकर सुर्खियां बटोरना चाहते हैं।