उप-महापौर ने कराया यमुना बैंक तटवर्ती क्षेत्र में ड्रोन से कीटनाशकों का छिड़काव

-ड्रोन तकनीक से कीटनाशकों का छिड़काव एक आधुनिक और कारगर उपाय है। इससे बड़े और दुर्गम क्षेत्रों में छिड़काव संभवः जयभगवान

एसएस ब्यूरो/ नई दिल्लीः 12 नवंबर।
दिल्ली के उप महापौर, जयभगवान यादव ने बुधवार को यमुना बैंक के समीप यमुना नदी के तटवर्ती बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम हेतु ड्रोन तकनीक का उपयोग कर कीटनाशक दवाओं का छिड़काव अभियान करवाया। इस अवसर पर उपमहापौर के साथ शाहदरा दक्षिणी जोन के अध्यक्ष, राम किशोर शर्मा, उपाध्यक्ष राजू सचदेवा सहित जनस्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
इस मौके पर उप महापौर जयभगवान यादव ने कहा कि दिल्ली नगर निगम निरंतर यह प्रयास कर रहा है कि नागरिकों को सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराया जाए। यमुना के तटवर्ती क्षेत्र में मच्छरों के प्रजनन की संभावना अधिक हो जाती है। ऐसे में मलेरिया, डेंगू और चिकनगुनिया जैसी बीमारियों से लोगों को बचाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि ड्रोन तकनीक के माध्यम से कीटनाशक दवाओं का छिड़काव एक आधुनिक और कारगर उपाय है। इससे बड़े और दुर्गम क्षेत्रों में बहुत ही कम समय में छिड़काव संभव हो सकेगा। उन्होंने कहा दिल्ली नगर निगम द्वारा पूरी दिल्ली में दुर्गम जगहों पर इस तकनीक के माध्यम से दवाई का छिड़काव किया जायेगा।
उपमहापौर ने कहा कि ड्रोन तकनीक का उपयोग मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम में एक बड़ी पहल है। हमें विश्वास है कि इस अभियान से डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी बीमारियों के प्रसार को रोकने में महत्वपूर्ण सफलता मिलेगी। जनता का सहयोग इस मुहिम को और प्रभावी बनाएगा।