-बिहार, महाराष्ट्र, राजस्थान और उत्तर प्रदेश होंगे पार्टनर स्टेट
-1 लाख 9 हजार वर्ग मीटर ऐरिया, 12 देश, 30 राज्य और 55 मंत्रालय-पीएसयू कर रहे भागीदारी
एसएस ब्यूरो/ नई दिल्लीः 12 नवंबर।
14 नवंबर से नई दिल्ली के भारत मंडपम में शुरू हो रहे अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले को ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की थीम के साथ आयोजित किया जा रहा है। 1 लाख 9 हजार वर्ग मीटर क्षेत्रफल में आयोजित होने जा रहे इस ट्रेड फेयर में दुनियांभर के 12 देश और भारत के 30 राज्य भागीदारी कर रहे हैं। इसके साथ ही 55 मंत्रालय और पब्लिक सेक्टर की कंपनियां एवं निजी क्षेत्र के 390 बड़े संस्थान भाग ले रहे हैं। खास बात है कि झारखंड राज्य को इस बार फोकस स्टेट का दर्जा दिया गया है।
इंडिया ट्रेड प्रमोशन ऑर्गनाइजेशन (आईटीपीओ) के द्वारा 14 से 27 नवंबर तक आयोजित किये जा रहे 44 वें ट्रेड फेयर में सामान्य दर्शक सुबह 10 बजे से सांय 5ः30 बजे तक प्रवेश कर सकेंगे। आईटीपीओ के एक अधिकारी के मुताबिक ट्रेड फेयर में भागीदारी करने वाले एग्जीविटर्स सुबह 9ः30 बजे से सांय 7ः30 बजे के बीच प्रवेश कर सकेंगे। आम दर्शक ट्रेड फेयर में आने के लिए गेट संख्या 3 व 4 (भैरों रोड की ओर से) और गेट संख्या 6 व 10 (मथुरा रोड की ओर से) प्रवेश कर सकेंगे।
वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक पहले की तरह ही पहले 5 दिन यानी कि 14 से 19 नवंबर तक केवल व्यावसायिक दर्शकों के लिए रखे गये हैं। इन पांच दिनों में प्रवेश टिकटों के दाम ज्यादा रहेंगे। 20 नवंबर से 27 नवंबर तक व्यापार मेला आम दर्शकों के लिए खुला रहेगा। विशेष दर्शकों के लिए प्रोटोकॉल सेवा भैरों रोड की ओर से गेट संख्या 1 से रहेगी। जबकि कार्गो एंट्री के लिए गेट संख्या 1, 5-ए व 5-बी को निर्धारित किया गया है। गेट संख्या 4 एवं 10 पर व्हील चेयर्स की व्यवस्था भी की गई है। जबकि मीडिया लाउंज हॉल नंबर 5 में बनाया गया है।
वीकएंड एवं छुट्टी के दिन 500 का टिकट
भारत मंडपम में आयोजित किये जा रहे ट्रेड फेयर के लिए टिकटों की कीमत अलग अलग तय की गई है। जो कि निम्न प्रकार से हैः-
- वयष्क (14 से 19 नवंबर) पहले पांच दिन- 500 रूपये
- वयष्क (छुट्टी वाले एवं वीक एंड)- 20 से 27 नवंबर- 150 रूपये
- वयष्क (सामान्य दिनों के लिए)- पहले पांच दिन छोड़कर- 80 रूपये
- बच्चे (वीक एंड एवं छुट्टी वाले दिन) 14 से 19 नवंबर- 200 रूपये
- बच्चे (सामान्य दिनों में) 14 से 19 नवंबर- 150 रूपये
- बच्चे (छुट्टी एवं वीक एंड) 20 से 27 नवंबर- 80 रूपये
- बच्चे (सामान्य दिनों में) 20 से 27 नवंबर- 60 रूपये
- पहले पांच दिनों के लिए सीजन टिकट- 1800 रूपये
- 20 से 27 नवंबर तक सीजन टिकट- 800 रूपये
- एग्जिविटर्स के लिए सीजन टिकट (सभी 14 दिन)- 2000 रूपये
वरिष्ठ नागरिकों व दिव्यांगों को निःशुल्क प्रवेश
14 नंबवर से भारत मंडपम में आयोजित किये जा रहे ट्रेड फेयर के लिए वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांगों को विशेष छूट प्रदान की गई है। वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांगों से मेले में प्रवेश के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जायेगा। दोनों श्रेणियों में आने वाले लोगों को केवल अपनी आयु एवं दिव्यांगता का कोई सरकारी प्रमाण दिखाना होगा।


