MCD में नेता सदन प्रवेश वाही के आह्वान पर भाजपा पार्षदों ने चलाया स्वच्छता अभियान

-छठ पूजा के आयोजन के बाद निगम के भाजपा पार्षदों द्वारा छट घाटों की गहन सफाई की गईः प्रवेश वाही

एसएस ब्यूरो/ नई दिल्लीः 30 अक्टूबर, 2025।
दिल्ली नगर निगम के नेता सदन प्रवेश वाही के आहवान पर निगम के भाजपा पार्षदों द्वारा छठ घाटों पर व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। इस अवसर पर प्रवेश वाही ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के मार्गदर्शन में इस वर्ष लोक आस्था के महापर्व छठ के आयोजन के लिए अभूतपूर्व तैयारियां की गई। इस भव्य आयोजन के बाद निगम के समस्त भाजपा पार्षदों, पार्टी कार्यकर्ता व निगम कर्मियों ने मिलकर छठ घाटों, पूजा स्थलों व पार्कों में श्रमदान कर गहन सफाई अभियान चलाया।
प्रवेश वाही ने भाजपा पार्षद व कार्यकर्ताओं के साथ रोहिणी के रामलीला मैदान में साफ सफाई का निरीक्षण किया व सफाईकार्यों में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि इस सामाजिक श्रमदान से सभी जनप्रतिनिधियों ने दिल्ली को स्वच्छ और सुंदर बनाने का संदेश दिया है। केशोपुर पार्षद हरीश ओबेरॉय ने छठ पूजा के उपरांत न्यू कृष्णा पार्क में विशेष सफाई अभियान के तहत पार्कों की सफाई करवाई। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को पार्कों के उचित रखरखाव के भी निर्देश दिए।
गीता कालोनी पार्षद नीमा भगत ने भाजपा कार्यकर्ताओं के सहयोग से रानी गार्डन व यमुना घाट पर श्रमदान किया एवं घाटों की सफाई का जायजा लिया। नेता सदन प्रवेश वाही ने कहा कि स्वच्छता एक दैनिक प्रक्रिया है और भव्य आयोजन के उपरांत छठ घाट को उसकी स्वच्छता और संतुलन के साथ लौटाना हम सबकी सामूहिक ज़िम्मेदारी है। सभी नागरिक घाटों और आसपास के क्षेत्रों की नियमित साफ सफाई के लिए निगम का सहयोग करें।