दिल्ली वाले प्रदूषण से परेशान… मेयर खानापूर्ति में व्यस्तः BJP

-निगम की आप सरकार प्रदूषण के मुद्दे पर बुरी तरह फेलः राजा इकबाल सिंह

एसएस ब्यूरो/ नई दिल्ली।
दिल्ली नगर निगम (MCD) में नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व महापौर राजा इकबाल सिंह (Raja Iqbal Singh) ने दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण के स्तर पर दिल्ली नगर निगम की आम आदमी पार्टी (AAP) को घेरा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में प्रतिवर्ष बढ़ता प्रदूषण दिल्ली की आम आदमी पार्टी सरकार की देन है। निगम की आप सरकार प्रदूषण के मोर्चे पर बुरी तरह फेल साबित हुई है।
राजा इकबाल सिंह ने कहा कि दिल्ली की सड़कों की बुरी हालत है जिसकी वजह से सारा दिन धूल उड़ती रहती एवं सड़कों के गड्ढों की वजह से वाहन मंद गति से चलते हैं जिस कारण धुएं के प्रदूषण में भी वृद्धि हुई है। दिल्ली नगर निगम के पास उचित मात्रा में मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीन भी उपलब्ध नहीं है। मेयर साहिबा स्वयं मान रही हैं कि दिल्ली नगर निगम के अधिकार क्षेत्र की लगभग 15000 किलोमीटर सड़कों के लिए केवल 52 मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीन हैं। उन्होंने दावा किया कि 52 मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीन भी बीजेपी (BJP) के कार्यकाल में खरीदी गई थीं। आम आदमी पार्टी जब से निगम की सत्ता में आई है तब से एक भी नई मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीन नहीं खरीदी जा सकी है।
राजा इकबाल सिंह ने कहा कि यमुना नदी में उठते सफेद झाग भी आम आदमी पार्टी सरकार की नाकामयाबी बयां कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर दिल्ली नगर निगम की आम आदमी पार्टी प्रदूषण के विरुद्ध कार्य करने के लिए वर्षभर कार्य करती तो अब दिल्ली की यह हालत न होती।