SAGITTARIUS: उद्दंड भी होते हैं धनु राशि वाले… जानिये कैसा रहेगा 2024 का साल… हम बता रहे सभी 12 राशियों का हाल

-कार्य स्थल पर किसी महिला के साथ आपकी दोस्ती बदल सकती है प्रेम में
-ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे अक्षरों से शुरू होता है धनु राशि के जातकों का नाम

आचार्य रामगोपाल शुक्ल/ नई दिल्लीः 29 दिसंबर, 2023।
इस अंक में हम आपको बतायेंगे कि धनु राशि के जातकों के लिए 2024 का साल कैसा रहेगा? ज्यातिष शास्त्र के मुताबिक धनु राशि वाले हमेशा सत्य की खोज में रहते हैं, ज्ञान और गति इस राशि का जीवन के प्रति व्यापक दृष्टिकोण है, यह लोग मजा करने वाले, थोड़े लापरवाह और उत्साह से भरे होते हैं। ये लोग विस्तार पूर्वक जीवन जीने में विश्वास करते हैं। यह लोग ईमानदार और कभी-कभी उद्दंड भी होते हैं और चुनौतियों को स्वीकारना पसंद करते हैं। हालांकि यह लोग खुद को बुद्धिजीवी से ज्यादा साहसी के रूप में देखते हैं और पढ़ने, लिखने, और अज्ञात विषयों की खोज करने में आनंद लेते हैं।
आप भी जानिये कि धनु राशि वालों के लिए वर्ष 2024 कैसा रहेगा?
धनु राशि के जातकों के लिए लग्नेश बृहस्पति साल-2024 की शुरुआत में पंचम भाव में मार्गी होंगे। बृहस्पति के मार्गी होने से आपको शुभ परिणाम प्राप्त होंगे। छात्र वर्ग के लिए समय बहुत अच्छा रहेगा, आपको लाभ प्राप्त होगा। शेयर मार्केट में काम कर रहे जातकों को अच्छी सफलता प्राप्त होगी। कार्य क्षेत्र में पदोन्नति होगी और सोने चांदी में किए गए निवेश से भी भविष्य में मुनाफा प्राप्त होने की उम्मीद है। प्रेम संबंधों में प्रगाढ़ता आएगी।
शनि देव पूरे 2024 में धनु राशि के जातकों के लिए तीसरे भाव में गोचर करेंगे और इस भाव में शनि देव का गोचर आपको शुभ परिणाम देने वाला रहेगा। शनि के इस भाव में गोचर से आपकी मेहनत बढ़ने वाली है और इसके शुभ परिणाम प्राप्त होंगे। आपके स्वास्थ्य में सुधार देखने को मिलेगा, आपके साहस और पराक्रम में वृद्धि संभव है। भाई बहनों से मनमुटाव खत्म होने की संभावना है। तकनीकी रूप से भी आप सक्षम होने की ओर गति करेंगे।
ग्रहों के राजा कहे जाने वाले सूर्य 14 अप्रैल को अपनी उच्च की राशि मेष में प्रवेश करेंगे और देवगुरु बृहस्पति के साथ 12 वर्ष के पश्चात उनकी युति होगी। लग्नेश और भाग्येश की यह युति आपके जीवन को पूरे तरीके से बदलने का कार्य करेगी। इस दौरान आपके घर में संतान का आगमन हो सकता है। संतान पक्ष से आपको शुभ समाचार प्राप्त होगा। सरकारी नौकरी कर रहे जातकों को उच्च पद की प्राप्ति हो सकती है। अगर आप शिक्षक है तो इस दौरान आपके सम्मान की वृद्धि संभव है।
धनु राशि के जातकों के लिए साल 2024 में एक बड़ा परिवर्तन तब होगा जब आपके लग्न के स्वामी देवगुरु बृहस्पति छठे भाव में गोचर करेंगे। 1 मई के पश्चात उनका गोचर छठे भाव में ही होगा। ऐसे में देवगुरु बृहस्पति का यह गोचर आपके स्वास्थ्य को प्रभावित करने का काम करेगा। खासतौर से जो किडनी और लीवर के पेशेंट हैं उन्हें अपनी सेहत का ख्याल रखना होगा। हालांकि कार्यस्थल के लिहाज से देखें तो देवगुरु बृहस्पति का यह गोचर आपको अपने कार्यालय में अच्छे परिणाम देगा और विदेशी संबंधों से भी लाभ होने की संभावना है। इस साल आपकी पूजा पाठ में रूचि बढ़ सकती है वहीं कर्म कांड से भी लाभ प्राप्त होगा।
जब साल 2024 की शुरुआत होगी तो उस समय देवगुरु बृहस्पति और कर्म प्रधान ग्रह शनि दोनों की दृष्टि आपके भाग्य स्थान पर होगी और भाग्य के स्वामी सूर्य का गोचर आपके लग्न में होगा। ऐसे में शनि और बृहस्पति की दृष्टि आपके भाग्य की वृद्धि करने वाली होगी। साल के शुरुआती 4 महीने आपको अपने भाग्य का पूरा साथ मिलेगा। अपने पिता का सहयोग प्राप्त होगा। इसके अलावा कुछ धार्मिक यात्राएं भी हो सकती हैं जिससे भविष्य में आपको अच्छा लाभ होने की उम्मीद है।
धनु राशि के जातकों के लिए पाप ग्रह मंगल 15 मार्च को शनि देव की राशि कुंभ में गोचर करेंगे और शनि देव के साथ युति मनाएंगे। दोनों पाप ग्रहों की युति तीसरे भाव में होगी जो की 23 अप्रैल तक रहेगी। तीसरे भाव में इन दोनों ग्रहों का गोचर आपको अत्यधिक सफलता देने वाला रहेगा। इस दौरान कार्य की अधिकता रहेगी लेकिन आपको प्रसिद्ध भी प्राप्त होगी। अगर आप कानूनी लड़ाई लड़ रहे हैं तो उसमें भी आपको विजय प्राप्त हो सकती है। पैतृक संपत्ति से मुनाफा होगा। किसी कंपनी या फैक्ट्री में काम करते हैं तो आपको उच्च पद भी प्राप्त हो सकता है। जमीन से जुड़े मामलों में भी मंगल का यह गोचर बेहद लाभकारी साबित होगा।
धनु राशि के जातकों के लिए साल 2024 में पूरे वर्ष राहु का गोचर मीन राशि में होगा और आपके चौथे भाव में विराजमान राहु आपके लिए मिले-जुले परिणाम लेकर के आएंगे। राहु के इस गोचर के कारण पारिवारिक तनाव या फिर घर में क्लेश का वातावरण बन सकता है। कार्य स्थल पर आपके शत्रु आपको परेशान कर सकते हैं। आपके कार्य में बाधाएं आ सकती हैं लेकिन जो जातक विदेश जाना चाहते हैं या विदेश में रहकर ही अपना कारोबार कर रहे हैं उन जातकों के लिए साल 2024 में राहु का गोचर लाभकारी रहने वाला है। ऐसे छात्र जो उच्च शिक्षा के लिए विदेश जाना चाहते हैं पीएचडी करने के लिए वीजा प्राप्त करना चाहते हैं उन्हें सफलता प्राप्त हो जाएगी।
भौतिक सुख सुविधा और स्त्री के कारक ग्रह शुक्र 31 मार्च को अपनी उच्च राशि मीन राशि में प्रवेश करेंगे और अति बलवान हो जाएंगे। 24 अप्रैल तक शुक्र की युति राहु के साथ आपके चौथे भाव में रहने वाली है। इस अवधि में आप किसी संपत्ति को खरीद सकते है। आपकी वाहन लेने की इच्छा पूरी हो सकती है वहीं कार्य स्थल पर किसी महिला के साथ आपकी दोस्ती प्रेम में बदल सकती है। राहु शुक्र की युति से आप परिवार के सदस्यों की सुख सुविधा पर खूब धन खर्च करेंगे।
धनु राशि के जातकों के लिए रहस्य और धर्म के कारक केतु पूरे वर्ष दशम भाव में गोचर करने वाले है। केतु का यह गोचर आपके कार्य स्थल पर आपको शुभ परिणाम देने वाला होगा। इस साल आपको अपनी टीम को लीड करने का मौका मिलने वाला है। इस केतु की कृपा से आपको अपने पिता के व्यापार में भी फायदा होगा। इस साल आप अपने शत्रुओ को परास्त करने में पूरी तरह से सफल होंने वाले है। धर्म कर्म और आध्यात्म में आपकी रूचि होगी और धार्मिक यात्राओं से लाभ प्राप्त होगा।
प्रेम संबंध के लिहाज से देखे तो साल 2024 आपके जीवन के लिए एक अच्छा साल रहने वाला है। पंचम भाव में गुरु का होना साल की शुरुआत में शुभता लेकर के आने वाला है। इस साल आपको जिस प्रेमी की तलाश थी वो पूरी होने वाली है। प्रेम में विश्वास की भावना से आप अपने रिश्तें को आगे बढ़ाने की इच्छा रखते है और आप उसमें कामयाब भी होंगे। यह साल आपके वैवाहिक जीवन के लिए भी अच्छा रहने वाला है। आप अपनी प्रेमिका के साथ कहीं विदेश घूमने के लिए भी जा सकते है।
(यह आलेख भारतीय सनातन परंपरा एवं ज्योतिषीय सिद्धांतों पर आधारित है और जनरूचि को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। इसके लिए कोई विशेष दावा नहीं है। अपने समाचार, लेख एवं विज्ञापन छपवाने हेतु संपर्क करेंः- ईमेलः newsa2z786@gmail.com मोबाइलः 9810103181)