आज 12 बजे होगी गुजरात विधानसभा चुनाव की घोषणा…11 या 18 दिसम्बर को MCD चुनाव!

-दिसम्बर में होंगे गुजरात की 182 विधानसभा सीटों पर चुना

जे.के. शुक्ला/ नई दिल्ली: 3 नवम्बर, 2022।
हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव अंतिम दौर में है। इस दौरान गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए तारीखों की घोषणा आज गुरुवार को दोपहर 12 बजे की जाएगी। बताया जा रहा है कि गुजरात में चुनाव दो चरणों में कराए जा सकते हैं। माना जा रहा है कि इसी सप्ताह दिल्ली नगर निगम के लिए चुनाव का एलान भी किया जा सकता है।

https://twitter.com/A2ZNEWS14/status/1588032653424754689?t=RxdjX_58YaGEQ1Os_uKr9A&s=19


गुजरात की 182 सीटों पर चुनाव होना है। ऐसे में माना जा रहा है कि विधानसभा चुनाव के लिए पहले पखवाड़े के बीच की तारीखें रखी जा सकती है। बता दें कि 2017 में भी गुजरात में विधानसभा चुनाव में दो चरणों में 9 एवं 14 दिसम्बर को मतदान हुआ था और 18 दिसम्बर को चुनाव के नतीजे आये थे।
2017 में भाजपा ने 182 सदस्यीय विधानसभा में 99 सीटें जीतकर फिर से सरकार बनाई थी। जबकि बहुमत के लिए 92 सीटों की ही जरूरत होती है। वहीं कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने 80 सीटें जीती थीं। जिसमें 77 सीटें कांग्रेस के खाते में आई थीं। राज्य में साल 2012 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को 115 और कांग्रेस को 61 सीटें हासिल हुई थीं।
दूसरी ओर 2017 में हिमाचल प्रदेश की सभी 68 विधानसभा सीटों के चुनावी नतीजे में भारतीय जनता पार्टी ने 44 सीटें जीतकर स्‍पष्‍ट बहुमत हासिल किया था। जबकि कांग्रेस को 21 सीटों से संतोष करना पड़ा था। सीपीएम के खाते में एक सीट और दो निर्दलीय उम्‍मीदवार भी जीते थे। राज्‍य मेें बीजेपी के पार्टी प्रदेश इकाई अध्यक्ष को अपनी विधानसभा सीट पर हार का सामना करना पड़ा था, जबकि मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार प्रेम कुमार धूमल को भी हार का मुंह देखना पड़ा। इस बार बीजेपी ने धूमल को टिकट नहीं दिया था।
एमसीडी चुनाव की घोषणा जल्द
माना जा रहा है कि दिल्ली नगर निगम चुनाव के लिए इसी सप्ताह घोषणा की जा सकती है। राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनाव की तैयारियां पूरी कर ली हैं। गुजराद विधानसभा चुनाव के साथ ही दिल्ली नगर निगम चुनाव कराया जाएगा। सूत्रों का कहना है कि नगर निगम के लिए रविवार 11 या रविवार 18 दिसम्बर को मतदान कराये जाने की घोषणा की जा सकती है।